गौवंश की जिंदगी पर संकटः दो सेवकों ने दंडवत यात्रा कर सुरक्षा प्रबंध मांगा, जिला प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

कोरबा 24 सितंबर। सडकों पर आवारा मवेशियों के कारण लगातार हो रहे हादसों और उनमें गोवंश की मौत की घटनाओं को लेकर अब सामाजिक स्तर पर आवाज उठने लगी है। गोवंश संरक्षण और सडक हादसों पर रोक लगाने की मांग को लेकर योगेश जायसवाल और उनके सहयोगियों ने करीब तीन किलोमीटर की दंडवत यात्रा की। इसके बाद रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर प्रशासनिक अधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।

दंडवत यात्रा के दौरान योगेश जायसवाल और उनके सहयोगी सडक पर दंडवत करते हुए आगे बढ़े। इस दौरान उनके साथ अन्य लोग भी शामिल हुए और रैली के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। प्रदर्शन में शामिल लोगों के हाथों में गोवंश संरक्षण से जुड़े पोस्टर भी थे। इस अनोखे तरीके से लोगों ने प्रशासन का ध्यान सडकों पर खुलेआम घूम रहे मवेशियों और उनसे होने वाले सडक हादसों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सडक पर मवेशियों की मौजूदगी के कारण आए दिन वाहन चालक दुर्घटनाओं का शिकार हो रहे हैं।

कई मामलों में वाहन चालकों के साथ-साथ गोवंश भी गंभीर रूप से घायल होते हैं या उनकी मौत हो जाती है। इसके बावजूद गोपालकों और संबंधित व्यवस्था की ओर से अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। कलेक्ट्रेट पहुंचने के बाद प्रतिनिधिमंडल ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि सडकों पर मवेशियों की आवाजाही को रोकने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जाए। साथ ही जिन गोपालकों या संबंधित लोगों की लापरवाही सामने आती है, उनके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाए।

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि सडकों से मवेशियों को हटाने और उनके संरक्षण की ठोस व्यवस्था होने से सडक दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। योगेश जायसवाल और उनके सहयोगियों ने प्रशासन से इस दिशा में स्थायी समाधान निकालने तथा गोवंश की सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।

Spread the word