यूनियन वेरिफिकेशन के दौरान शराब बांटने का आरोप, दो श्रमिक संगठनों में विवाद

कोरबा 24 सितंबर। एसईसीएल की गेवरा परियोजना के एक्स-वर्कशॉप गेट के पास 12 सितंबर 2026 को यूनियन वेरिफिकेशन के दौरान शराब और अन्य नशीले पदार्थ बांटे जाने के आरोप को लेकर दो श्रमिक संगठनों के बीच विवाद हो गया। मामले को लेकर श्रमिक संगठन के प्रतिनिधियों ने निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की है।
आरोप लगाने वाले पक्ष का कहना है कि घटनास्थल गेवरा खदान के सीआईएसएफ बैरियर के पास है, जहां सुरक्षा जांच के बाद ही प्रवेश की अनुमति होती है। ऐसे में नशीले पदार्थ और शराब कथित तौर पर अंदर कैसे पहुंचे, इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए गए हैं।
श्रमिक पक्ष का दावा है कि विवाद के दौरान एसईसीएल के मानव संसाधन विभाग के वरिष्ठ प्रबंधक भी मौके पर मौजूद थे। संगठन ने आरोप लगाया है कि घटना के बावजूद तत्काल प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। मामले में संबंधित अधिकारियों की भूमिका की भी जांच कराने की मांग की गई है।
मामले को लेकर मांग की गई है कि सीआईएसएफ बैरियर के भीतर कथित तौर पर नशीले पदार्थ पहुंचने की जांच कराई जाए। साथ ही घटना में शामिल लोगों और संबंधित अधिकारियों की भूमिका की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाए। फिलहाल सामने आए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। मामले मेंएसईसीएल प्रबंधन या संबंधित सुरक्षा अधिकारियों का आधिकारिक पक्ष सामने आने के बाद स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।
