जमीन बंटवारे के विवाद में 85 वर्षीय बुजुर्ग की हत्याः भतीजे पर टांगिया से हमला करने का आरोप


कोरबा 22 सितंबर। पसान थाना क्षेत्र के ग्राम पिपरिया के सीपत पारा में जमीन बंटवारे को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार सुबह खूनी संघर्ष में बदल गया। जमीन के बंटवारे और अलग-अलग पाटा किए जाने को लेकर हुए विवाद में 85 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, बुजुर्ग के 23 वर्षीय भतीजे पर टांगिया से सिर पर हमला करने का आरोप है। मृतक की पहचान बबन राम यादव (85), पिता बुद्ध राम यादव, निवासी सीपत पारा पिपरिया के रूप में हुई है।

पुलिस के मुताबिक, बबन राम यादव का अपने भतीजे सोनू उर्फ अशोक यादव (23), पिता राम प्रसाद यादव से जमीन के बंटवारे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। बताया गया कि मंगलवार 22 सितंबर की सुबह करीब 5.30 बजे दोनों के बीच जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद हुआ। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और आरोप है कि सोनू उर्फ अशोक यादव ने टांगिया से बबन राम यादव के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने से बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की जानकारी मिलते ही पसान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रारंभिक जांच में पुलिस को हत्या की वजह जमीन बंटवारे को लेकर पुराना विवाद होने की जानकारी मिली है।

पुलिस के अनुसार, घटना की पूरी परिस्थितियों और आरोपी की भूमिका की जांच की जा रही है। इसके लिए प्रत्यक्षदर्शियों के बयान दर्ज करने के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। मामले में पुलिस की वैधानिक कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होने की संभावना है।

Spread the word