हाथियों के अचानक पहुंचने से मचा हड़कंप: बिजली टावर पर चढ़कर कर्मचारियों ने बचाई जान, 19 हाथियों का दल कर रहा विचरण

कोरबा। जिले के बंजारी परिसर के जंगल में हाथियों की मौजूदगी से दहशत का माहौल है। यहां इन दिनों 19 हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जिसमें 18 हाथियों का झुंड और एक लोनर हाथी शामिल है। इसी बीच टावर लाइन के नीचे साफ-सफाई का काम करने पहुंचे कर्मचारियों के सामने अचानक हाथियों का दल आ गया। जान बचाने के लिए कर्मचारियों को बिजली टावर के ढांचे पर चढ़कर सुरक्षित स्थान लेना पड़ा।

अचानक सामने आ गया हाथियों का दल

जानकारी के मुताबिक, ग्राम बंजारी में टावर लाइन के नीचे साफ-सफाई का काम करने के लिए कर्मचारी पहुंचे थे। इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक हाथियों का दल वहां पहुंच गया और कर्मचारियों के काफी करीब आ गया। हाथियों को अपनी ओर आता देखकर कर्मचारियों में अफरा-तफरी मच गई।

स्थिति को देखते हुए कर्मचारियों ने तत्काल बिजली टावर के ढांचे पर चढ़कर अपनी जान बचाई। इस दौरान हाथियों का दल काफी देर तक टावर लाइन के नीचे ही विचरण करता रहा।

वन अमला और हाथी मित्र दल मौके पर पहुंचा

घटना की जानकारी मिलते ही बंजारी परिसर के परिसर रक्षक ऋषभ राठौर तथा हाथी मित्र दल के राजेश त्रिवेदी और अशोक बिंझवार मौके पर पहुंचे। वन अमले और हाथी मित्र दल ने स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद सावधानीपूर्वक कर्मचारियों को टावर से नीचे उतारा गया और उन्हें सुरक्षित घटनास्थल से बाहर निकाला गया।

ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील

बंजारी क्षेत्र में 19 हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग लगातार उनकी गतिविधियों पर नजर रख रहा है। विभाग ने ग्रामीणों और जंगल क्षेत्र में काम करने वाले लोगों से हाथियों की मौजूदगी वाले इलाकों में जाने से बचने की अपील की है।

वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और हाथियों के करीब जाने या उन्हें छेड़ने से बचने की सलाह दी है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

Spread the word