पेट्रोल पंप की पानी टंकी में मिली कर्मचारी की लाशः ड्यूटी के दौरान अचानक हुआ था लापता, शरीर से आ रही थी पेट्रोल की दुर्गंध, जांच में जुटी पुलिस

कोरबा 08 सितंबर। छत्तीसगढ़ के कोरबा शहर के मुड़ापार स्थित आरजी पेट्रोल पंप में उस समय हड़कंप मच गया, जब परिसर में बनी पानी की टंकी से एक कर्मचारी की लाश बरामद हुई। मृतक की पहचान 39 वर्षीय ओमप्रकाश यादव के रूप में हुई है। वह राताखार में रहता था और मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले का निवासी बताया जा रहा है।
ओमप्रकाश पेट्रोल पंप में पेट्रोल डालने का काम करता था और घटना के समय सेकंड शिफ्ट में ड्यूटी पर तैनात था। ड्यूटी के दौरान वह अचानक गायब हो गया। काफी देर तक नजर नहीं आने पर उसके साथी कर्मचारी ने पंप संचालक को इसकी जानकारी दी। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई।
जानकारी के मुताबिक, पेट्रोल पंप पर उस समय तीन कर्मचारी ड्यूटी पर थे। ओमप्रकाश के अचानक गायब होने के बाद कर्मचारियों ने आसपास तलाश की। इसी दौरान पेट्रोल टंकी से लगी पानी की टंकी में उसका शव दिखाई दिया। सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को टंकी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि टंकी में पानी के साथ पेट्रोल भी मिला हुआ था। मृतक के शरीर से भी पेट्रोल की तेज दुर्गंध आने की बात सामने आई है। कुछ लोगों ने आशंका जताई है कि ओमप्रकाश शराब के नशे में हो सकता था। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। प्रथम दृष्टया डूबने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन मृतक पानी की टंकी तक कैसे पहुंचा और टंकी में पेट्रोल कैसे मिला, इन सवालों की भी जांच की जा रही है।
पेट्रोल पंप कर्मचारी खुशी मिश्रा के मुताबिक, घटना के समय तीन कर्मचारी ड्यूटी पर मौजूद थे।
इसी दौरान ओमप्रकाश अचानक दिखाई देना बंद हो गया। काफी देर तक उसके नहीं मिलने पर पंप संचालक को सूचना दी गई। इसके बाद कर्मचारियों ने आसपास तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पानी की टंकी में ओमप्रकाश की लाश मिली।
घटना को लेकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस पेट्रोल पंप और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ओमप्रकाश टंकी के पास कब और किस तरह पहुंचा। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि घटना हादसा है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद मामले की तस्वीर और स्पष्ट हो सकती है।
कर्मचारी की लाश मिलने की खबर फैलते ही पेट्रोल पंप परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई। घटना के बाद कुछ समय के लिए पेट्रोल पंप का काम भी प्रभावित रहा। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल मानिकपुर चौकी पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ओमप्रकाश यादव की मौत के वास्तविक कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।
