लोनर हाथी हुआ बेकाबू, बंजारी गांव में फिर तोड़ा ग्रामीण का आशियाना

कोरबा 08 सितंबर। कटघोरा वनमंडल के एतमानगर रेंज में मौजूद लोनर हाथी बेकाबू हो गया है। इस हाथी ने लगातार चौथे दिन रेंज के बंजार गांव में पहुंचकर एक और ग्रामीण के आशियाने को तोड़ दिया, जिससे ग्रामीण व उसका परिवार बेघर हो गया है।

जानकारी के अनुसार एक लोनर हाथी कटघोरा फारेस्ट डिविजन के एतमानगर रेंज अंतर्गत बंजारी गांव के जंगल में विचरण कर रहा है। यह हाथी निगरानी दल को लगातार चौथे दिन चकमा देकर बीती रात बंजारी गांव के बस्ती में घुस गया और रामप्रसाद बिंझवार नामक ग्रामीण के आशियाने को निशाना बनाते हुए तोड़ दिया। जिस समय लोनर ने यहां धावा बोला, ग्रामीण और उसका परिवार गहरी नींद में सो रहा था। लोनर के आने की आहट से उसकी नींद टूटी। तत्काल अपने परिवार के अन्य सदस्यों को जगाकर घर के एक कोने में छिपा और किसी तरह जान बचाई। रामप्रसाद द्वारा निगरानी दल को सूचित किए जाने पर दल तत्काल मौके पर पहुंचा और उत्पात मचा रहे लोनर को खदेडने की कार्यवाही की। खदेड़े जाने पर उसने जंगल का रूख किया, तब रामप्रसाद व उसके परिवार के लोगों ने राहत की सांस ली। लोनर द्वारा क्षेत्र में लगातार उत्पात मचाए जाने से ग्रामीण दहशत में हैं। उन्होंने सुरक्षा की गुहार प्रशासन से लगाई है।

वहीं लोनर हाथी के लगातार बस्ती में घुस जाने तथा घर को तोड़े जाने पर निगरानी पर भी प्रश्नचिन्ह लग रहा है। उधर केंदई रेंज में 32 की संख्या में हाथी कापानवापारा तथा कोरबी सर्किल में घूम रहे हैं। हाथियों के दल ने दोनों स्थानों पर उत्पात मचाते हुए धान की फसल को नुकसान पहुंचाया है, जबकि जटगा रेंज के जटगा परिसर में पहाड़ पर सक्रिय 20 हाथियों के दल ने अब अपना लोकेशन बदल दिया है और रेंज के ही मुकुवा परिसर पहुंच गया है।

Spread the word