कटाईनार और घुड़देवा में सफाई व्यवस्था पर लापरवाही, प्रबंधन ने थमाया नोटिस

कोरबा 26 जुलाई। दक्षिण पूर्वी कोलफील्ड्स लिमिटेड कोरबा एरिया के सुराकछार-बलगी-बांकी उपक्षेत्र प्रबंधन ने कॉलोनियों की सफाई व्यवस्था में लापरवाही को गंभीरता से लेते हुए संबंधित ठेकेदार को चेतावनी जारी की है। निरीक्षण के दौरान कटाइनार और घुरुदेवा कॉलोनियों में सफाई एवं रखरखाव कार्य असंतोषजनक पाए जाने पर प्रबंधन ने तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए हैं।
उपक्षेत्र प्रबंधक कार्यालय, सुराकछार-बलगी-बांकी द्वारा 24 जुलाई 2026 को जारी पत्र में बताया गया है कि सुराकछार टाउनशिप के आवासीय क्वार्टरों की दो वर्ष की सफाई एवं रखरखाव का कार्य ठेकेदार एम/एस योगेश कुमार सिंह को कार्यादेश के तहत सौंपा गया है। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि संबंधित कॉलोनियों में सफाई कार्य अनुबंध की शर्तों के अनुरूप नहीं किया जा रहा है। पत्र में उल्लेख है कि ठेकेदार को पहले भी कई बार दूरभाष के माध्यम से सफाई व्यवस्था सुधारने के लिए कहा जा चुका है, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं हुआ। वर्तमान में वर्षा ऋतु को देखते हुए स्वच्छता को सार्वजनिक स्वास्थ्य से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय बताते हुए पर्याप्त श्रमिकों एवं मशीनरी लगाकर तत्काल सफाई कार्य शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।
एसईसीएल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय में व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो अनुबंध (एलओए) की शर्तों के अनुसार संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। कहा जा रहा है अभी कॉलोनीवासियों की लगातार मिल रही शिकायतों के बाद सफाई व्यवस्था में सुधार लाने की जरूरत प्रबंधन में समझी और इस पत्र को जारी किया।
