पुलिस ने पैदल मार्च करते हुए संदिग्ध गतिविधियां और सुरक्षा इंतजामों का लिया जायजा

कोरबा 11 जुलाई। कोरबा जिलान्तर्गत कटघोरा तहसील में सुरक्षा व यातायात व्यवस्था का जायजा लेने पुलिस के अधिकारी व जवान सडक पर उतरे। पुलिस ने पैदल मार्च करते हुए नगर का भ्रमण किया। इस दौरान भारी वाहन चालकों को बाइपास मार्ग से आवागमन करने की समझाईश दी गई। इसके अलावा अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए। निरीक्षण के लिए निकली पुलिस ने नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्यवाही भी की।

कटघोरा कोरबा जिले का प्रमुख केंद्र है। कटघोरा से ही राष्ट्रीय राजमार्ग गुजरी है, जिसके कारण यहां 24 घंटे वाहनों की आवाजाही होती रहती है। विभिन्न दिशाओं के लिए चलने वाली बसों का परिचालन भी कटघोरा के मुख्यमार्ग से होता है। क्षेत्र का प्रमुख शैक्षणिक व व्यवसायिक केंद्र होने के कारण नगर में चहल-पहल बनी रहती है। इस दौरान अनहोनी की आशंका भी बनी रहती है। जिसके मद्देनजर सुरक्षा व यातायात व्यवस्था को दुरूस्त करने की जरूरत महसूस की जा रही थी। इस हेतु पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के निर्देश एएसपी नीतिश ठाकुर व एसडीओपी विजय सिंह राजपृत के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी एम.बी. पटेल के नेतृत्व में पुलिस की टीम सडक पर उतरी। पुलिस का पैदल मार्च थाना से शुरु हुआ। पुलिस के अधिकारी व जवानों ने नया बस स्टैंड, अंबिकापुर व बिलासपुर मुख्यमार्ग से होते हुए जय स्तंभ चौक तक पैदल मार्च किया। इस दौरान नगर की यातायात व्यवस्था, संदिग्ध गतिविधियों और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया।

अधिकारीयो ने नगर में वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए भारी वाहनों के चालकों को बाइपास मार्ग का उपयोग करने समझाईश दी, ताकि नगर में जाम की स्थिति निर्मित न हो और आम नागरिकों को परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस को पैदल मार्च के दौरान नया बस स्टैंड के समीप वाहन बेतरतीब ढंग से खड़े मिले, जिसे देखते हुए वाहनों को व्यवस्थित खड़े करने के निर्देश दिए गए।

Spread the word