अयातुल्ला अली खामेनेई की अंतिम यात्रा का कार्यक्रम शुरू, 9 जुलाई तक चलेगा अनवरत

तेहरान। ईरान के सुप्रीम लीडर रहे अयातुल्ला अली खामेनेई को सुपुर्द ए खाक करने के लिए उनकी अंतिम यात्रा का कार्यक्रम शुरू हो गया है। यह कार्यक्रम कई दिनों तक चलेगा। शनिवार को खामेनेई का पार्थिव शरीर तेहरान के ग्रैंड मोसल्ला में दर्शन के लिए रखा जाएगा। शुक्रवार को भारत से पहुंचे धर्मगुरुओं, धर्मगुरु नेताओं और सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधिमंडल ने भी खामेनेई को श्रद्धांजलि दी। पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती, कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद ने भी खिराज ए अकीदत पेश की। भारत से कई धर्मों के प्रतिनिधि पहुंचे थे। भारत सरकार का प्रतिनिधिमंडल भी ईरान पहुंच चुका है। अंतिम विदाई का यह कार्यक्रम 9 जुलाई तक चलेगा आखिरी दिन अली खामेनेई के पार्थिव शरीर को उनके गृह नगर मशहद में दफनाया जाएगा। इस कार्यक्रम के लिए यूरोपीय देशों को छोड़ 100 देशों से प्रतिनिधियों को बुलाया गया है।
अंतिम विदाई के कार्यक्रम के पहले दिन ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कार्स के वरिष्ठ कमांडर जनरल अहमद वाहिदी महीनों बाद पहली बार सार्वजनिक रूप से दिखे।
ईरानी वार्ताकारों को मारने की थी साजिश
अमरीकी मीडिया ने एक रिपोर्ट में दावा किया है कि पाकिस्तान में युद्ध विराम की बातचीत के लिए गए ईरानी वार्ताकार बाधेर गलीबाफ और अब्यास अराघची को मारने की योजना इजरायल ने बनाई थी। अमरीका को आशंका थी कि इससे शांति वार्ता विफल, हो जाएगी। ऐसे में अमरीका ने अपने क्षेत्रीय सहयोगियों के जरिए ईरान को सतर्क किया।
अमरीकी प्रलोभन काम न आया, होर्मुज से होगी टोल वसूली
कतर में हाल में हुई अमरीका-ईरान की बातचीत में ईरान ने साफ कर दिया हैं कि वह होर्मुज से टोल वसूलेगा। हर साल 43 अरब डॉलर टोल वसूलने का लक्ष्य ईरान ने रखा है। इसे पूरा करने के लिए प्रतिदिन 117 मिलियन डॉलर की वसूली होगी। सामान्य दिनों में होर्मुज से रोज 120 के करीब जहाज गुजरते थे।
