कोतवाली थाना में बदलाव को लेकर चर्चाः शाम तक तिवारी के पास प्रभार, फिर डनसेना का किया आदेश

कोरबा 01 जुलाई। कोरबा जिले में पुलिस विभाग में हुए अप्रत्याशित बदलाव ने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है। एक ही दिन में कोतवाली थाना को दो नए प्रभारी मिलने से चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है।

कोतवाली थाना प्रभारी निरीक्षक बी. पटेल का 29 जून को स्थानांतरण कटघोरा थाना कर दिया गया। उनके स्थान पर कटघोरा थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी की पदस्थापना की गई। 30 जून की सुबह उन्होंने कोतवाली थाना पहुंचकर अपना कार्यभार भी संभाल लिया, लेकिन उसी रात पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी एक नए आदेश में निरीक्षक प्रमोद डनसेना को कोतवाली थाना का प्रभारी नियुक्त कर दिया गया। इस तरह एक ही दिन में कोतवाली को दो प्रभारी मिलने से लोगों में जिज्ञासा बनी हुई है।

कोतवाली थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से हत्या, लूट और अन्य आपराधिक घटनाओं में बढ़ोतरी के कारण पुलिस विभाग विभिन्न संगठनों और आम लोगों के निशाने पर था। अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की चुनौती को देखते हुए विभाग ने यह बदलाव किया।

जानकारों के अनुसार, निरीक्षक एमबी पटेल काफी समय से कटघोरा जाने के इच्छुक थे, जिसके बाद उनका स्थानांतरण वहां कर दिया गया। वहीं, अपनी सख्त कार्यशैली और अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए पहचाने जाने वाले निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी को कोतवाली की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। माना जा रहा था कि उनके नेतृत्व में क्षेत्र की कानून-व्यवस्था में सुधार होगा।

इसी बीच देर रात जारी आदेश में हरदीबाजार थाना से लगभग एक पखवाड़े पहले हटाए गए निरीक्षक प्रमोद डनसेना को कोतवाली थाना प्रभारी नियुक्त कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि हरदीबाजार में दो युवकों के साथ मारपीट के आरोप और उसके विरोध में पानी की टंकी पर चढकर प्रदर्शन किए जाने के बाद उन्हें वहां से हटाया गया था। पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी आदेश में उल्लेख किया गया है कि निरीक्षक धर्मनारायण तिवारी के आवेदन के आधार पर उन्हें कोतवाली से हटाकर रक्षित केंद्र भेजा गया है। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि कुछ संगठनों ने उनकी कोतवाली में पदस्थापना पर आपत्ति जताई थी। इसके पीछे वास्तविक कारण क्या है, इसकी आधिकारिक पुष्टि अब तक नहीं हो सकी।

Spread the word