दंतैल की दस्तक से कुदमुरा क्षेत्र में मचा हडकंप, अमला सतर्क

कोरबा 01 जुलाई। जिले के कुदमुरा वन परिक्षेत्र में बीती रात एक दंतैल हाथी के अचानक धमकने से हडकंप मच गया। हाटी क्षेत्र से पहुंचे इस दंतैल को रेंज के कक्ष क्रमांक पी-1140 में विचरण करते हुए देखे जाने की सूचना मिलते ही वन विभाग सतर्क हो गया है।
दंतैल हाथी की विभाग द्वारा निगरानी किए जाने के साथ ही अमला मुनादी में जुट गया है। दंतैल की मौजूदगी वाले कुदमुरा व आसपास के गांवों में ग्रामीणों को जानकारी देते हुए जंगल न जाने की सलाह दी जा रही है। दो हाथ पहले से ही रेंज के गीतकुंआरी क्षेत्र में मौजूद हैं। एक और दंतैल के पहुंचने से कुदमुरा रेंज में हाथियों की संख्या तीन हो गई है।
उधर कटघोरा वनमंडल के जटगा में 5, एतमानगर में 16 तथा केंदई में 19 हाथी लगातार घूम रहे हैं। हाथियों के अलग-अलग स्थानों पर विचरण करने से वन विभाग को निगरानी करने में दिक्कत हो रही है। हालांकि ड्रोन कैमरे से हाथियों की निगरानी हो रही है फिर भी कई बार हाथियों का लोकेशन ओझल हो जा रहा है। जानकारी के अनुसार वर्तमान में जटगा रेंज के मेढ़उड़ पहाड़ में 5, एतमानगर के गुरसिया जंगल में 16 तथा केंदई रेंज के कोदवारी में 19 हाथी सक्रिय हैं। हाथियों के दल द्वारा बीती रात कोई बड़ा नुकसान नहीं पहुंचाया गया है, फिर भी इसका संभावना बनी हुई है। जिसे देखते हुए वन अमला सतर्क है और हाथियों की हर हलचल पर नजर रखी जा रही है।
