मोबाइल टावर से बैटरी, अर्थिंग व सोलर केबल पार

कोरबा 27 जून। ग्राम अरेतरा स्थित सरकारी टेलीकॉम कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड के 4 जी सैचुरेशन प्रोजेक्ट टावर में हजारों के सामान की चोरी हुई है। टावर में कार्यरत तकनीशियन विक्रम कुमार बियार ने थाना लेमरू में आवेदन देकर अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, तकनीशियन विक्रम कुमार बियार निवासी रजगामार ने बताया कि 26 जून 2026 की रात लगभग 12.15 बजे टावर अचानक बंद हो गया था। सुबह 9.30 बजे मौके पर पहुंचने पर पाया गया कि टावर से बैटरी केबल70 स्क्वायर मीटर , लाल-काला केबल लगभग 10-10 मीटर, अर्थिंग केबल 10 स्क्वायर मीटर तथा सोलर केवल 6 स्क्वायर मीटर अज्ञात व्यक्तियों द्वारा चोरी कर ली गई है। पीडित के अनुसार चोरी गए सामान की अनुमानित कीमत लगभग 15,000 रुपये है।
इस घटना के बाद संचार व्यवस्था प्रभावित हो गई है। विक्रम कुमार बियार ने थाना लेमरू में आवेदन देकर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। थाना प्रभारी लक्ष्मण खूँटे ने बताया कि प्रकरण दर्ज कर अगली कार्रवाई की जा रही है।
