नगर पालिका दीपका में पारित हुआ लगभग 69 करोड़ का बजट

कोरबा 27 जून। कोरबा-पश्चिम के नगर पालिका परिषद दीपका ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए लगभग 69 करोड़ 15 लाख रुपये का महत्वाकांक्षी बजट पारित कर नगर के समग्र विकास का नया रोडमैप तैयार किया है। विकासोन्मुख इस बजट में अधोसंरचना विस्तार, सडक-नाली निर्माण, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, सामुदायिक सुविधाओं और पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ जीवनधारा तालाब के सौंदर्यीकरण, ओपन जिम स्थापना तथा मुक्तिधाम उन्नयन जैसे जनहितकारी कार्यों को विशेष प्राथमिकता दी गई है।

नगर पालिका परिषद की बैठक में पारित बजट के अनुसार नगर की अनुमानित आय 43 करोड़ 43 लाख रुपये होगी, जबकि पूर्व शेष राशि 25 करोड़ 72 लाख रुपये को जोडकर कुल उपलब्ध राशि 69 करोड़ 15 लाख रुपये रहेगी। प्रस्तावित बजट में 56 करोड़ 58 लाख रुपये व्यय किए जाने का प्रावधान रखा गया है तथा वित्तीय वर्ष के अंत में लगभग 12 करोड़ 56 लाख रुपये शेष रहने का अनुमान व्यक्त किया गया है।

नगर पालिका प्रशासन ने विभिन्न योजनाओं एवं वित्त आयोग मदों के माध्यम से नगर के सभी वार्डों में व्यापक विकास कार्य कराने की तैयारी की है। इसके तहत 15वें वित्त आयोग मद से 376.53 लाख रुपये, अधोसंरचना मद से 317.65 लाख रुपये, निकाय एवं शासन मद से 278.50 लाख रुपये तथा 14वें वित्त आयोग मद से पूर्व स्वीकृत कार्यों के लिए 25.36 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इन राशियों से सडक, नाली, सामुदायिक सुविधाएं और आधारभूत संरचना को मजबूत किया जाएगा।

नगर के प्रमुख और ऐतिहासिक जीवनधारा तालाब के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण को बजट की सबसे महत्वपूर्ण प्राथमिकताओं में शामिल किया गया है। तालाब क्षेत्र को आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप देने के साथ-साथ नागरिकों के लिए बैठने, भ्रमण और मनोरंजन की सुविधाएं विकसित की जाएंगी। प्रस्तावित कार्यों से यह क्षेत्र भविष्य में नगरवासियों के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बन सकता है। साथ ही जल संरक्षण और पर्यावरण संवर्धन को भी बढ़ावा मिलेगा।

नगरवासियों को स्वस्थ जीवनशैली की ओर प्रेरित करने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में ओपन जिम स्थापित किए जाएंगे। इन सुविधाओं का लाभ युवाओं, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों तथा बच्चों को मिलेगा। सार्वजनिक स्थलों पर विकसित होने वाले ये ओपन जिम लोगों को निरूशुल्क व्यायाम और फिटनेस की सुविधाएं उपलब्ध कराएंगे तथा स्वस्थ समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
नगर के मुक्तिधामों को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने का निर्णय भी बजट में शामिल किया गया है। मुक्तिधामों में आवश्यक अधोसंरचना विकास, सौंदर्यीकरण एवं अन्य सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा ताकि अंतिम संस्कार के दौरान नागरिकों को बेहतर व्यवस्था और सम्मान जनक वातावरण उपलब्ध हो सके।

बजट में नगर की प्रमुख सडकों के निर्माण एवं मरम्मत, नई नालियों के निर्माण, पेयजल व्यवस्था के विस्तार, स्ट्रीट लाइटों के सुदृढ़ीकरण, सामुदायिक भवनों के विकास तथा अन्य नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता दी गई है। परिषद का लक्ष्य प्रत्येक वार्ड तक समान रूप से विकास कार्य पहुंचाना और नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

नगरवासियों के लिए सबसे बड़ी राहत यह है कि इस वर्ष के बजट में किसी भी नए कर या टैक्स का प्रस्ताव नहीं रखा गया है। नगर पालिका ने उपलब्ध संसाधनों के बेहतर प्रबंधन के माध्यम से विकास कार्यों को गति देने का निर्णय लिया है, जिससे नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ नहीं पड़ेगा।

नगर पालिका परिषद दीपका का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट विकास, जनकल्याण और आधुनिक शहरी सुविधाओं के संतुलित समन्वय का दस्तावेज माना जा रहा है। जीवनधारा तालाब के कायाकल्प, ओपन जिम स्थापना, मुक्तिधाम उन्नयन और वार्डवार करोड़ों रुपये के विकास कार्यों से आने वाले वर्षों में दीपका नगर की तस्वीर और तकदीर बदलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Spread the word