छत्तीसगढ़ में घोटालों की जांच से बढ़ा राजनीतिक भूचाल, भाजपा बोलीं- भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस, कांग्रेस ने किया पलटवार

रायपुर, 20 जुलाई । महादेव सट्टा एप, शराब, डीएमएफ और कोयला परिवहन जैसे बहुचर्चित मामलों की जांच में आई तेजी ने प्रदेश का राजनीतिक पारा बढ़ा दिया है। एक के बाद एक मामलों में जांच एजेंसियों की सक्रियता से सत्ता और विपक्ष दोनों की निगाहें आगामी घटनाक्रम पर टिक गईं हैं।

भाजपा जहां इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई बता रही है वहीं, कांग्रेस राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाकर सरकार और केंद्रीय एजेंसियों पर सवाल उठा रही है। दिल्ली से गिरफ्तार विकास गर्ग के निष्कासन को भाजपा ने जीरो टालरेंस बताया है। विकास गर्ग के निष्कासन के बाद अब कांग्रेस पर भी अपने नेताओं के खिलाफ कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है। शराब घोटाला मामले में जेल जा चुके वरिष्ठ आदिवासी नेता व विधायक कवासी लखमा और भिलाई विधायक देवेन्द्र यादव को लेकर राजनीतिक चर्चाएं तेज हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल का नाम किसी भी कथित घोटाले में सीधे तौर पर सामने नहीं आया है, लेकिन उनके पुत्र चैतन्य बघेल की आय से अधिक संपत्ति मामले में गिरफ्तारी हो चुकी है। भाजपा इन मुद्दों पर कांग्रेस पर लगातार हमलावर है। सत्ता पक्ष जहां इसे भ्रष्टाचार पर जीरो टालरेंस बता रहा है। दूसरी ओर, कांग्रेस का आरोप है कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाया जा रहा है और केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध के लिए किया जा रहा है। मानसून सत्र में भी सत्ता पक्ष के सदस्यों ने भ्रष्टाचार को लेकर विपक्ष को घेरा था। भाजपा सदस्यों ने यह कहते हुए निशाना साधा कि भ्रष्टाचार के मामले में विपक्ष का कोई सदस्य जेल, तो कोई बेल पर है।

राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि जांच की रफ्तार इसी तरह बनी रही तो आने वाले दिनों में प्रदेश की राजनीति में भूचाल आसकता है। फिलहाल, जांच की बढ़ती गति ने सत्ता और विपक्ष दोनों के भीतर राजनीतिक बेचैनी बढ़ा दी है। राज्य मंत्री राम विचार नेताम ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल के पांच वर्षों की उपलब्धियों में भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं है। कोयला, शराब, डीएमएफ, पीएससी समेत कई घोटाले हुए।

नीट परीक्षा को लेकर राजनीति की जा रही है। उन्होंने कहा कि जो गड़बडिय़ां हुई है, उसमें कार्रवाई भी हुई है। भविष्य में गड़बड़ी को रोकने सरकार चौकन्नी है। राज्य सरकार जीरो टालरेंस को लेकर काम कर रही है। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि भाजपा के करीब सभी मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप हैं, लेकिन किसी पर कार्रवाई नहीं हुई है। नीट मामले को लेकर केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर आरोप लगा है, लेकिन उन्हें निष्कासित नहीं किया गया है। प्रदेश में जितनी बड़ी-बड़ी आपराधिक घटनाएं हो रही हैं, उसमें भाजपा के कार्यकर्ता शामिल हैं।

Spread the word