गेवरा परियोजना में खनन कार्य बाधित करने के आरोप में नगर पालिका उपाध्यक्ष समेत कई लोगों पर एफआईआर

कोरबा 25 जून। एसईसीएल की गेवरा परियोजना में बिना अनुमति प्रवेश कर खनन कार्य बाधित करने और कर्मचारियों को धमकी देने के आरोप में बांकीमोंगरा नगर पालिका की उपाध्यक्ष गायत्री कंवर, श्रमिक नेता गोवर्धन कंवर सहित अन्य लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।

जानकारी के अनुसार, 22 जून 2026 को प्रदर्शन के दौरान करीब 20 से 25 लोगों का समूह कथित रूप से गेवरा खदान क्षेत्र में जबरन प्रवेश कर गया। आरोप है कि समूह ने खनन कार्य में लगी मशीनों का संचालन रुकवा दिया, जिससे उत्पादन प्रभावित हुआ। इस दौरान कर्मचारियों के साथ विवाद और धमकी देने की शिकायत भी सामने आई है।

एसईसीएल प्रबंधन के अनुसार, खनन कार्य बाधित होने से कंपनी को लगभग 50 लाख रुपये का आर्थिक नुकसान हुआ है। सुरक्षा निरीक्षक की रिपोर्ट के आधार पर दीपका थाना पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 126(2), 127(2) और 3(5) के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में मामला चर्चा का विषय बना हुआ है।

Spread the word