रेलवे के नए नियम लागू: बिना टिकट पर 500 जुर्माना, महिला कोच में घुसने पर 2500 पेनाल्टी; भीख मांगने पर पूरी तरह रोक

नई दिल्ली। Indian Railways ने ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर अनुशासन और सुरक्षा बढ़ाने के लिए नए नियम लागू कर दिए हैं। अब नियम तोड़ने वालों पर पहले से ज्यादा सख्ती बरती जाएगी और जुर्माने की राशि भी बढ़ा दी गई है।
बिना टिकट यात्रा पर दोगुना जुर्माना
नए नियमों के तहत अब बिना टिकट यात्रा करने पर 250 रुपये की जगह 500 रुपये जुर्माना देना होगा। इसके अलावा यात्री से पूरा किराया भी वसूला जाएगा। अगर यात्री भुगतान नहीं करता है तो मामला कोर्ट तक जा सकता है।
महिला कोच में घुसना पड़ेगा भारी
महिलाओं के लिए आरक्षित कोच, सीट या केबिन में बिना अनुमति प्रवेश करने पर अब 2500 रुपये तक का जुर्माना लगाया जाएगा। गंभीर मामलों में यात्री को तुरंत कोच से बाहर किया जा सकता है और कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है।
स्मोकिंग, भीख और फेरी पर सख्ती
रेलवे ने ट्रेनों और स्टेशनों पर भीख मांगने पर पूरी तरह रोक लगा दी है।
- भीख मांगने या बिना अनुमति सामान बेचने पर: ₹2000 तक जुर्माना
- ट्रेन में स्मोकिंग करने पर: ₹2000 जुर्माना
बार-बार नियम तोड़ने वालों पर और कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
टिकट ट्रांसफर पर भी कार्रवाई
किसी दूसरे के नाम की टिकट पर यात्रा करने पर भी अब सख्ती बढ़ा दी गई है। ऐसे मामलों में टिकट जब्त कर लिया जाएगा, पूरा किराया वसूला जाएगा और कम से कम 500 रुपये अतिरिक्त जुर्माना लगाया जाएगा।
नशे में हंगामा करने वालों पर कार्रवाई
यदि कोई व्यक्ति नशे की हालत में ट्रेन या स्टेशन पर हंगामा करता है या यात्रियों को परेशान करता है, तो उसे ट्रेन से उतारा जा सकता है। ऐसे मामलों में 1000 रुपये तक जुर्माना, जेल या सामुदायिक सेवा का प्रावधान भी रखा गया है।
कानून में संशोधन के तहत बदलाव
ये सभी बदलाव ‘जन विश्वास (संशोधन प्रावधान) अधिनियम, 2026’ के तहत Railways Act, 1989 में संशोधन कर किए गए हैं। रेलवे का कहना है कि इसका उद्देश्य यात्रियों की सुरक्षा बढ़ाना और रेलवे परिसरों में अनुशासन बनाए रखना है।
पहले ही लागू कर दिए गए नियम
हालांकि ये नियम 1 जुलाई 2026 से लागू होने थे, लेकिन रेलवे ने इन्हें 20 जून से ही लागू कर दिया है। इसके लिए स्टेशनों पर अनाउंसमेंट भी शुरू कर दिए गए हैं।
रेलवे ने साफ संकेत दे दिया है कि अब नियमों के उल्लंघन पर कोई ढील नहीं दी जाएगी और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
