छत्तीसगढ़ में 16 जून से खुलेंगे स्कूल, नए सत्र की तैयारियां तेज

रायपुर। छत्तीसगढ़ में गर्मी की छुट्टियों के बाद सभी सरकारी और निजी स्कूल 16 जून 2026 से खुलेंगे। लोक शिक्षण संचालनालय (डीपीआई) ने आदेश जारी करते हुए स्पष्ट किया है कि इसी तिथि से नया शैक्षणिक सत्र 2026-27 का नियमित संचालन शुरू होगा।

आदेश के अनुसार राज्य में 20 अप्रैल से 15 जून तक ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित था। छुट्टियां समाप्त होने के बाद 16 जून से स्कूलों में पढ़ाई शुरू होगी।

स्कूल खुलने के साथ ही प्रवेशोत्सव मनाया जाएगा, जिसमें बच्चों का तिलक लगाकर स्वागत किया जाएगा। विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तक, गणवेश और साइकिल वितरण की भी व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः स्कूल से जोड़ने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।

अधिकारियों के अनुसार किताबों का वितरण 12 डिपो के माध्यम से किया जाएगा, जबकि मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

Spread the word