यातायात नियमों का पालनः पाम मॉल व विशाल मेगा मार्ट के सामने से उठाई दुपहिया

कोरबा 10 जून। शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए पुलिस विभाग लगातार प्रयास कर रहा है। वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में ट्रैफिक पुलिस द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार रात विशेष अभियान चलाते हुए मुख्य मार्गों पर अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई।

ट्रैफिक टीम ने पावर हाउस रोड स्थित फार्म मॉल के सामने तथा ट्रांसपोर्ट नगर चौक से स्टेडियम मार्ग पर स्थित विशाल मेगा मार्ट के सामने सडक किनारे खड़ी बड़ी संख्या में दोपहिया वाहनों को जब्त किया। पुलिस के अनुसार इन वाहनों को मुख्य मार्ग पर खड़ा कर दिए जाने से यातायात प्रभावित हो रहा था और राहगीरों तथा अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वामियों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाएगा। इससे पहले भी इन व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के सामने ट्रैफिक जाम की स्थिति बनने पर कार्रवाई की जा चुकी है और संबंधित लोगों को चेतावनी भी दी गई थी, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं देखा गया। इस मामले में एक महत्वपूर्ण पहलू यह भी सामने आया है कि विशाल मेगा मार्ट में विशेषकर सप्ताहांत (वीकेंड) के दौरान बड़ी संख्या में ग्राहक पहुंचते हैं, लेकिन दोपहिया वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं होने के कारण लोग मजबूरी या लापरवाहीवश सडक पर ही वाहन खड़े कर देते हैं। इसका सीधा असर यातायात व्यवस्था पर पड़ता है और जाम की स्थिति निर्मित होती है।

ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करें और सडक पर वाहन खड़ा कर यातायात बाधित न करें। साथ ही व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों से भी पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि शहर की यातायात व्यवस्था सुचारु बनी रहे।

Spread the word