शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर हुई कार्रवाई, 26 चालक पकड़े गए

कोरबा 06 जून। कोरबा पुलिस द्वारा “सजग कोरबा, सतर्क कोरबा” अभियान के तहत जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाकर शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। विभिन्न स्थानों पर लगाए गए चेकिंग प्वाइंट्स में ब्रेथ एनालाइजर से जांच के दौरान 26 वाहन चालक नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए।
पुलिस ने सभी के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 185 के तहत कार्रवाई की है। पकड़े गए चालकों में 5 चार पहिया और 21 दो पहिया वाहन चालक शामिल हैं। सभी मामलों को आगे की न्यायालयीन प्रक्रिया के लिए भेजा जाएगा।
पुलिस ने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण है और इससे चालक की निर्णय क्षमता प्रभावित होती है। आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और शराब सेवन के बाद वाहन न चलाएं। सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।
