कोरबा में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई, 7 ट्रैक्टर जब्त

कोरबा 06 जून। कोरबा जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ जिला प्रशासन ने शनिवार सुबह बड़ी कार्रवाई करते हुए सात ट्रैक्टर जब्त किए। गोपनीय सूचना के आधार पर बरपाली क्षेत्र के चिचोली और भैंसामुड़ा रेत घाटों में छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान चिचोली से चार और भैंसामुड़ा से तीन ट्रैक्टर पकड़े गए, जिनमें अवैध रूप से रेत भरी हुई थी।
जांच में पाया गया कि सभी वाहन बिना रॉयल्टी, बिना नंबर प्लेट और बिना वैध दस्तावेजों के संचालित किए जा रहे थे। कई चालकों के पास लाइसेंस और आवश्यक कागजात भी नहीं मिले। प्रशासन ने सभी ट्रैक्टर जब्त कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि बारिश से पहले बड़े पैमाने पर अवैध रेत भंडारण की सूचना मिलने पर यह कार्रवाई की गई।
