छप्पर तोड़कर दो दुकानों में चोरी, सीसीटीवी में कैद हुए चोर

कोरबा 05 जून। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र के विकास नगर शॉपिंग सेंटर में बीती रात चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाते हुए नकदी और इलेक्ट्रॉनिक सामान पर हाथ साफ कर दिया। चोरों ने छप्पर और फॉल सीलिंग तोड़कर दुकानों में प्रवेश किया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए।

पहली घटना एक बिजली दुकान में हुई, जहां चोर सीमेंट शीट हटाकर और फॉल सीलिंग तोड़कर अंदर घुसे। दुकान संचालक मनोज सिंह के मुताबिक, चोरों ने सबसे पहले सीसीटीवी कैमरे के तार काटे, लेकिन डीवीआर सुरक्षित रहने से उनकी गतिविधियां रिकॉर्ड हो गईं। दुकान से 400 से 500 रुपये नकद, ट्रिमर, टॉर्च, बैटरी और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी किया गया।

वहीं दूसरी वारदात सामने स्थित सौरभ अग्रवाल की डेयरी में हुई। सुबह दुकान खोलने पर चोरी का पता चला। डेयरी संचालक के अनुसार, चोर गल्ले में रखी 7 से 8 हजार रुपये की चिल्हर नकदी लेकर फरार हो गए।

सीसीटीवी फुटेज में दो संदिग्ध चोर नजर आए हैं। दोनों चप्पल पहनकर दुकान में घुसे थे। भागने के दौरान वे बिजली कार्यालय की दीवार के पास अपनी चप्पल छोड़ गए, जिसे पुलिस ने जांच के लिए जब्त किया है।

Spread the word