नौतपा समाप्त, लेकिन गर्मी व उमस बरकरार

कोरबा 05 जून। जेठ महीने में नौतपा की अवधि भले ही समाप्त हो गई हो, लेकिन कोरबा जिले में गर्मी का प्रकोप अभी भी कम होने का नाम नहीं ले रहा है। लगातार बढ़ते तापमान ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया, जिससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस का सामना करना पड़ा। दोपहर के समय सडकों पर आवाजाही कम दिखाई दी और लोग केवल अत्यावश्यक कार्यों के लिए ही घरों से बाहर निकलते नजर आए।
तेज धूप और गर्म हवाओं ने आमजन की परेशानियां बढ़ा दी हैं। बाजारों, चौक-चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर दोपहर के समय अपेक्षाकृत सन्नाटा देखने को मिला। सबसे अधिक दिक्कत मजदूरों, रिक्शा चालकों, ठेला संचालकों और खुले वातावरण में काम करने वाले लोगों को हो रही है, जिन्हें अपनी आजीविका के लिए तेज गर्मी के बीच भी कार्य करना पड़ रहा है। गर्मी के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग पहले ही सतर्कता संबंधी एडवाइजरी जारी कर चुके हैं। लोगों से अपील की गई है कि वे दोपहर के समय अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें, पर्याप्त मात्रा में पानी पीते रहें और शरीर में पानी की कमी नहीं होने दें। स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने विशेष रूप से बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का ध्यान रखने की सलाह दी है, क्योंकि लू और गर्मी से संबंधित बीमारियों का खतरा इस दौरान बढ़ सकता है।
