डीके शिवकुमार 3 जून को ले सकते हैं सीएम पद की शपथ

कर्नाटक। कर्नाटक की राजनीति में बड़े बदलाव के बीच डीके शिवकुमार के मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया है। शपथ ग्रहण की तारीख से लेकर नए मंत्रिमंडल के गठन और संभावित उपमुख्यमंत्रियों तक, सरकार के गठन को लेकर लगातार नई जानकारियां सामने आ रही हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार बैठक की अध्यक्षता पूर्व मुख्यमंत्री सिद्धारमैया करेंगे, जबकि संभावित मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, कांग्रेस महासचिव व कर्नाटक प्रभारी रणदीप सिंह सुरजेवाला समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता इसमें शामिल होंगे।
सूत्रों के मुताबिक, डीके शिवकुमार के नेतृत्व में बनने वाली नई सरकार के मंत्रिमंडल के स्वरूप पर बैठक में विस्तृत चर्चा की जाएगी। कांग्रेस नेतृत्व विभिन्न क्षेत्रों, जातीय समूहों और पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को प्रतिनिधित्व देने के फार्मूले पर विचार कर रहा है। नई कैबिनेट में कई वरिष्ठ नेताओं को जगह मिल सकती है। संभावित मंत्रियों की सूची में के.जे. जॉर्ज, यू.टी. खादर, प्रियंक खरगे, रामलिंगा रेड्डी, कृष्णा बायरे गौड़ा, एम.बी. पाटिल, यतींद्र सिद्धारमैया, जी. परमेश्वर, दिनेश गुंडू राव और एन. चालुवरायस्वामी जैसे नेताओं के नाम शामिल बताए जा रहे हैं। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने नई सरकार के गठन को लेकर कुछ महत्वपूर्ण निर्देश दिए हैं। राहुल गांधी चाहते हैं कि मंत्रिमंडल में दलितों, अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) और अल्पसंख्यकों को अधिक प्रतिनिधित्व मिले। इसके अलावा, आगामी 2028 विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए युवा चेहरों को भी मंत्रिमंडल में शामिल करने पर जोर दिया जा रहा है।
