सिद्दरमैया की हाईकमान संग आज बैठक, कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं की बढ़ा दी सरगर्मी

नई दिल्ली। कर्नाटक में के मुख्यमंत्री सिद्दरमैया की मंगलवार को कांग्रेस हाईकमान के साथ होने वाली अहम बैठक ने लंबे अर्से से नेतृत्व परिवर्तन की चल रही चर्चाओं की सरगर्मी बढ़ा दी है।

कर्नाटक के प्रभारी कांग्रेस महासचिव रणदीप सुरजेवाला ने भले ही राज्य में होन वाले राज्यसभा की चार सीटों के चुनाव के संदर्भ में यह बैठक बुलाए जाने की बात कही है मगर पार्टी के सियासी हलकों में कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे पर चर्चा की संभावनाओं से इन्कार नहीं किया जा रहा है।

हाईकमान करेगा फैसला

मुख्यमंत्री सिद्दरमैया तथा उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के बीच राज्य की सत्ता की बागडोर संभालने को लेकर चल रही अंदरूनी प्रतिस्पर्धा और खींचतान छिपी नहीं है और ऐसे में हाईकमान पर भी अब इस प्रसंग का समाधान निकालने का दबाव है।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की चर्चाओं के बीच सिद्दरमैया के बैठक के लिए आने के सवालों का जवाब राहुल गांधी द्वारा दिए जाने की टिप्पणी कर सस्पेंस को और बढ़ा दिया।

नेतृत्व में बदलाव की संभावना

राहुल गांधी और खरगे के साथ सिद्दरमैया की यह बैठक मंगलवार सुबह 11 बजे प्रस्तावित है जिसमें कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल तथा कर्नाटक के प्रभारी महासचिव रणदीप सुरजेवाला के भी मौजूद रहने की संभावना है।

सिद्दरमैया ने भी बैठक का एजेंडा मालूम नहीं होने की टिप्पणी करते हुए कहा कि बेशक मुझे चर्चा के लिए बुलाया गया है। राज्य में क्या जल्द ही नेतृत्व में बदलाव की संभावना है इस पर सिद्दरमैया ने यह कहते हुए जवाब टाल दिया कि ऐसी अटकलें तो हमेशा लगती रहती हैं।

Spread the word