ईरान पर हमलों के बाद वहां सत्ता परिवर्तन की बड़ी योजना तैयार की थी अमेरिकी अधिकारियों ने

न्यूयॉर्क. अमरीका के अधिकारियों ने ईरान पर हमलों के बाद वहां सत्ता परिवर्तन की बड़ी योजना तैयार की थी। प्लान था कि पूर्व ईरानी राष्ट्रपति मोहम्मद अमहदीनेजाद को दोबारा सत्ता में लाया जाए। न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद इस परिवर्तन की तैयारी थी। इजराइल की खुफिया एजेंसी मोसाद ने अहमदीनेजाद के साथ मिलकर यह योजना तैयार की थी।
अहमदीनेजाद 2005 से 2013 तक राष्ट्रपति रहे। बाद में उनका ईरान की धार्मिक सत्ता से टकराव हो गया था और उन्हें तेहरान में नजरबंद रखा गया था। रिपोर्ट के मुताबिक, संघर्ष शुरू होने के पहले दिन इजराइली हमले में अहमदीनेजाद के घर को निशाना बनाया गया। योजना उन्हें छुड़ाने की थी। उनके एक सहयोगी ने इसे ‘जेलब्रेक ऑपरेशन’ जैसा बताया। अहमदीनेजाद हमले में बच गए, लेकिन बाद में पूरी योजना को लेकर निराश हो गए। एक करीबी ने दावा किया कि अमरीका मानता था कि वह ईरान की राजनीतिक, सामाजिक स्थिति को संभाल सकते हैं।
युद्ध में यूएस ने 42 सैन्य विमान गंवाए
अमरीका को ईरान के खिलाफ जारी युद्ध में कम से कम 42 सैन्य विमान गंवाने पड़े। यह जानकारी अमरीकी संसद की रिसर्च एजेंसी कांग्रेसनल रिसर्च सर्विस की एक रिपोर्ट में सामने आई है। इन विमानों में लड़ाकू जेट, ड्रोन, हेलीकॉप्टर और एयर रिफ्यूलिंग एयरक्राफ्ट शामिल हैं। इनमें चार एफ-15ई स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट शामिल हैं।
इजरायल में जल्द चुनाव की तैयारी
ईरान में जारी संघर्ष के बीच इजराइल में संसद भंग करने के विधेयक को संसद में आगे बढ़ाने की मंजूरी मिल गई है। इसे कानून बनने से पहले संसद में तीन और चरणों की मंजूरी से गुजरना होगा। अगर विधेयक अंतिम रूप से पारित हो जाता है, तो इजराइल में समय से पहले आम चुनाव कराए जा सकते हैं।
