शादी का झांसा देकर नाबालिग से दैहिक शोषण, आरोपी जेल दाखिल

कोरबा 21 मई। इंस्टाग्राम में दोस्ती के बाद युवक ने नाबालिग से जान पहचान बढ़ा ली। वह नाबालिग को बहला फुसलाकर अपने साथ ले गया। उसे किराए के मकान में रखकर शादी का झांसा देते हुए दैहिक शोषण करता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। पुलिस ने न सिर्फ रायपुर के उरला से पीड़िता को दस्तयाब कर लिया, बल्कि आरोपी को भी धर दबोचा। मामले में वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि चौतमा पुलिस चौकी अंतर्गत हरदीडीह में रहने वाले रमेश मरकाम 25 वर्ष की जान पहचान इंस्टाग्राम से उरगा क्षेत्र में रहने वाली नाबालिग से हुई। रमेश ने नाबालिग से नजदीकी बढ़ाना शुरू कर दिया। नाबालिग उसके झांसे में आ गई। जिसका फायदा उठाते हुए नाबालिग को अपने साथ ले गया। इस बात की भनक लगने पर परिजनों ने थाना पहुंचकर सूचना दी। थाना प्रभारी नवीन पटेल ने आला अफसरों को मामले से अवगत कराया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान सिद्धार्थ तिवारी ने जांच कार्रवाई के निर्देश जारी कर दिए। उनके निर्देश एएसपी लखन पटले व सीएसपी कोरबा प्रतीक चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में पतासाजी शुरू की। पुलिस ने तकनीकी जांच की तो लोकेशन रायपुर के उरला थानांतर्गत ग्राम कारा में मिला।

तकनीकी साक्ष्य मिलते ही पुलिस की एक टीम कारा के लिए रवाना किया गया। इस टीम ने किराए के मकान से नाबालिग को दस्तयाब कर लिया। साथ ही आरोपी युवक को भी उरगा लाया गया। पूछताछ करने पर युवक ने शादी का झांसा देकर दैहिक शोषण की बात स्वीकार कर ली। मामले में पुलिस ने वैधानिक कार्रवाई उपरांत आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

Spread the word