एकतरफा प्यार में चली गोलीः युवती के पिता पर फायरिंग, मामले में आरोपी का साथी गिरफ्तार

कोरबा 14 मई। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एकतरफा प्यार में युवती के पिता पर गोली चलाने के मामले में कोरबा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बालको पुलिस ने घटना में मुख्य आरोपी को देसी कट्टा उपलब्ध कराने वाले उसके सहयोगी और कथित मास्टरमाइंड को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मामला बालको थाना क्षेत्र के दोन्द्रों संगम नगर का है। घटना 19 फरवरी की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक मुख्य आरोपी साहिल मासी एक युवती से एकतरफा प्यार करता था और लंबे समय से उसका पीछा कर रहा था। युवती और उसके परिजनों ने उसे कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
युवती के पिता पर चलाई थी गोली
घटना की रात साहिल युवती के घर पहुंच गया, जहां उसकी युवती के पिता से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर साहिल ने देसी कट्टा निकालकर युवती के पिता पर गोली चला दी। हालांकि गोली निशाने पर नहीं लगी और वे बाल-बाल बच गए। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ बढ़ती देख आरोपी साहिल कट्टा लहराते हुए मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी साहिल मासी (22) को गिरफ्तार कर लिया था। उसके पास से देसी कट्टा और कारतूस भी बरामद किए गए थे।
मास्टरमाइंड भी गिरफ्तार
जांच के दौरान सामने आया कि साहिल को देसी कट्टा उपलब्ध कराने वाला उसका सहयोगी विवेक राजपूत (24) लंबे समय से फरार चल रहा था। पुलिस ने घेराबंदी कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।
बालको थाना प्रभारी युवराज तिवारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई की। टीम में इमरान खान, आरक्षक रामेश्वर यादव और हेमशरण शामिल रहे। पुलिस के अनुसार, आरोपी विवेक राजपूत के खिलाफ बांगो थाना क्षेत्र में डकैती समेत कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर आगे की जांच कर रही है।
