सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने की एक अनुकरणीय पहल

कोरबा 12 मई। नगर पालिक निगम कोरबा के सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण और राष्ट्र निर्माण के आह्वान से प्रेरित होकर एक अनुकरणीय पहल की है। उन्होंने देशसेवा में अपने छोटे से समर्पण के रूप में सप्ताह में दो दिन शासकीय इनोवा कार का परित्याग कर अपनी निजी मोटरसाइकिल से सफर करने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। सभापति ने कोरबा की जनता से भी इस अभियान का हिस्सा बनकर पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने अपील की है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशवासियों से ईधन बचाने, पर्यावरण को सुरक्षित रखने और देश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की अपील करते रहे हैं। प्रधानमंत्री के इसी दूरदर्शी संदेश से प्रभावित होकर कोरबा नगर निगम के सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने वीआईपी संस्कृति से ऊपर उठकर एक सजग नागरिक और जनप्रतिनिधि का उदाहरण पेश किया है। आमतौर पर शासकीय वाहनों और सुविधाओं को प्रतिष्ठा का प्रतीक माना जाता है, लेकिन नूतन सिंह ठाकुर ने इस परिपाटी को बदला है। उन्होंने आधिकारिक घोषणा की है कि वे अब से सप्ताह के दो दिन शासकीय इनोवा कार का उपयोग पूरी तरह बंद रखेंगे। इन दो दिनों के दौरान वे अपने सभी विभागीय कार्यों, बैठकों और जनसंपर्क के लिए केवल अपनी व्यक्तिगत मोटरसाइकिल का इस्तेमाल करेंगे। अपनी इस अनूठी पहल पर बात करते हुए सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का हमेशा यह प्रयास रहता है कि देश का हर नागरिक राष्ट्रहित में अपना योगदान दे। मेरा यह निर्णय देशसेवा में एक छोटा सा समर्पण है।

ईधन की बचत केवल व्यक्तिगत बचत नहीं है, बल्कि यह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने और आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ पर्यावरण देने की दिशा में एक कदम है। ‘सभापति ने कोरबा शहर के नागरिकों, युवाओं और सामाजिक संगठनों से इस मुहिम को एक जन-आंदोलन बनाने का आग्रह किया है। उन्होंने मुख्य रूप से कहा की ईंधन बचाने के हर छोटे-बड़े प्रयास में अपना सक्रिय योगदान दें। व्यक्तिगत वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन या साइकिल को प्राथमिकता दें। पेट्रोल-डीजल का कम से कम उपयोग कर देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता को बल दें। ट्रैफिक सिग्नलों पर वाहनों का इंजन बंद कर ईंधन की बर्बादी रोकें।

Spread the word