भाजपा नेता संग रिसॉर्ट में मिली शिक्षिका, पति ने पुलिस के साथ पकड़ा, VIDEO वायरल

बालोद। छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में एक शिक्षिका को भाजपा से जुड़े एक पदाधिकारी के साथ रिसॉर्ट में पकड़े जाने का मामला सामने आया है। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मामले में पति ने पुलिस के साथ मौके पर पहुंचकर पत्नी को रंगे हाथ पकड़ने का दावा किया है, जबकि पत्नी ने सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, टिकरापारा वार्ड नंबर-04 निवासी अब्दुल ताहिर ने पुलिस अधीक्षक से लिखित शिकायत कर अपनी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। ताहिर का कहना है कि उसकी पत्नी, जो जगन्नाथपुर परसदा स्थित प्राथमिक शाला में प्रधान पाठिका है, पिछले दो वर्षों से उसके और बच्चों के साथ दुर्व्यवहार कर रही है।
पति ने लगाए गंभीर आरोप
पीड़ित पति के मुताबिक, पत्नी आए दिन गाली-गलौज और मारपीट करती है। उसने आरोप लगाया कि पत्नी बच्चों की आंखों में मिर्च पाउडर डालती थी और उन्हें जलाने जैसी हरकतें भी करती थी। इन घटनाओं के बाद उसे पत्नी के चरित्र पर शक हुआ और उसने खुद जानकारी जुटानी शुरू की।
ताहिर का दावा है कि जांच के दौरान उसे पता चला कि उसकी पत्नी का असरार अहमद उर्फ गुड्डा नामक व्यक्ति से संबंध है, जो भाजपा से जुड़ा पदाधिकारी बताया जा रहा है। पति ने यह भी कहा कि उसने पत्नी के मोबाइल में आपत्तिजनक मैसेज देखे हैं।
रिसॉर्ट में पकड़ने का दावा
पीड़ित के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 को उसे सूचना मिली कि उसकी पत्नी उक्त व्यक्ति के साथ ग्राम डंगनिया स्थित एक रिसॉर्ट में है। इसके बाद वह अपने बहनोई और पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचा। वहां कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर बाद पहले आरोपी व्यक्ति बाहर निकला और फिर कुछ समय बाद महिला भी बाहर आई।
इस दौरान पति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मौके पर विवाद बढ़ने के बाद पुलिस सभी को थाने ले गई, जहां पूछताछ की गई।
पत्नी ने आरोपों को बताया झूठा
वहीं, महिला ने पति के सभी आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि उसे बदनाम करने की साजिश की जा रही है। महिला का आरोप है कि पति ही उसे प्रताड़ित करता है और झूठे आरोप लगाकर उसकी छवि खराब करने की कोशिश कर रहा है।
