छोटे भाई को बचाने पहुंचे युवक की बेरहमी से हत्या, चापड़ से गला रेतकर उतारा मौत के घाट

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शनिवार रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। सरकंडा थाना क्षेत्र के मोपका गुड़ी मोहल्ले में छोटे भाई को बचाने पहुंचे बड़े भाई की बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपियों ने युवक पर चापड़ से हमला करते हुए उसका गला रेत दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
मृतक की पहचान अभिषेक यादव (22) के रूप में हुई है, जो BA सेकंड ईयर का छात्र था। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 10:30 बजे मोपका चौक में उसके चचेरे भाई ओमप्रकाश यादव (16) का कुछ युवकों से विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई और करीब 5 युवकों ने ओमप्रकाश को घेरकर पीटना शुरू कर दिया।
बीच-बचाव में गई जान
छोटे भाई को पिटता देख अभिषेक मौके पर पहुंचा और उसे बचाने की कोशिश की। इसी दौरान आरोपियों ने उस पर भी हमला कर दिया। एक युवक ने चापड़ से अभिषेक के गले पर वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल अभिषेक जमीन पर गिर पड़ा और कुछ ही देर में उसकी मौत हो गई।
चौकी तक किया पीछा
घटना के बाद ओमप्रकाश अपनी जान बचाकर भागा। आरोपी उसका पीछा करते हुए नजदीकी पुलिस चौकी तक पहुंच गए। किसी तरह वह चौकी के अंदर घुसकर खुद को बचा सका। वहीं परिजन घायल अभिषेक को तत्काल अपोलो अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
आक्रोशित लोगों ने किया घेराव
वारदात के बाद परिजन और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। उन्होंने थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश जारी है।
