क्लीनिक में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट, आगजनी से मचा हड़कंप, फायर सेफ्टी पर उठे सवाल, मरीजों की स्थिति स्पष्ट नहीं

कोरबा 03 मई। शहर में एक निजी क्लीनिक में ऑक्सीजन सिलेंडर ब्लास्ट होने से भीषण आगजनी की घटना सामने आई है। बताया जा रहा है कि यह हादसा डॉ. हरीश नायक के क्लीनिक में हुआ, जहां अचानक सिलेंडर फटने के बाद आग लग गई और आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद मौके पर मौजूद लोग जान बचाकर बाहर भागे, जबकि पड़ोसियों में दहशत का माहौल बन गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हादसे के समय क्लीनिक के अंदर मरीज मौजूद थे, लेकिन उनकी स्थिति को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।
फायर सेफ्टी पर सवाल
स्थानीय लोगों का आरोप है कि क्लीनिक में फायर अलार्म और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। यदि कोई व्यवस्था थी भी, तो उसका सही तरीके से पालन नहीं किया जा रहा था। इस घटना के बाद स्वास्थ्य संस्थानों में सुरक्षा मानकों को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
जांच की मांग
घटना के बाद लोगों ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। यह भी जांच का विषय है कि क्लीनिक में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं।
