रेलवे स्टेशन पर सूटकेश में गौमांस ले जाती दो महिलाएं गिरफ्तार, इलाके में बढ़ा तनाव

बिलासपुर । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए रेलवे स्टेशन से दो महिलाओं को हिरासत में लिया है। दोनों महिलाएं सूटकेश में कथित रूप से गौमांस लेकर यात्रा कर रही थीं। यह मामला सामने आने के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, उन्हें पहले ही सूचना मिल गई थी कि दो महिलाएं गौमांस लेकर बिलासपुर रेलवे स्टेशन पहुंचने वाली हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध लगने पर महिलाओं के सूटकेश की तलाशी ली गई, जिसमें करीब 10 किलो से अधिक गौमांस बरामद किया गया।
तलाशी के दौरान सामग्री मिलने के बाद पुलिस ने दोनों महिलाओं को तत्काल हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने सूटकेश में गौमांस होने की बात स्वीकार कर ली है। बताया जा रहा है कि दोनों महिलाएं रायपुर की ओर से बिलासपुर पहुंची थीं।
घटना की जानकारी मिलते ही कुछ गौसेवक थाने के बाहर एकत्रित हो गए, जिससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई। हालांकि पुलिस ने हालात को नियंत्रण में रखा।
तोरवा थाना पुलिस ने दोनों महिलाओं के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि यह गौमांस कहां से लाया गया था और इसके पीछे कोई संगठित गिरोह (सिंडिकेट) काम कर रहा है या नहीं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों महिलाएं शहर के मगरपारा इलाके की रहने वाली बताई जा रही हैं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है।
