अब ईरान को सताने लगा अपने तेल के कुओं के बंद होने का डर

तेहरान/वाशिंगटन. होर्मुज जलडमरूमध्य पर दोहरी नाकेबंदी अब ईरान की मुश्किलें बढ़ाने लगी है। ईरान का तेल निर्यात बंद होने से अब उसके पास तेल का भंडारण करना एक बड़ी समस्या बन गया है। खार्ग द्वीप पर ईरान की तीन करोड़ बैरल कच्चा तेल भंडारण की क्षमता है। लेकिन, विशेषज्ञों के अनुसार यह स्थान 12-13 दिन में भर जाएगा। अब ईरान अपने 30 साल पुराने टैंकर जहाज पर तेल स्टोर कर रहा है। वहीं तेल भंडारण क्षमता 100 प्रतिशत होने पर ईरान को अपने तेल के कुओं को बंद करने का भी डर सता रहा है। इस बीच, अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने चेतावनी दी है कि ईरान के पास समझौते के लिए तीन दिन का समय है, वरना उसकी तेल पाइपलाइनें फट जाएंगी। तेल कुओं के बंद होने से ईरान को स्थायी नुकसान होगा। उसकी उत्पादन क्षमता लंबे समय के लिए कम हो जाएगी।

रूस पहुंचे अरघची

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने जंग शुरू होने के बाद पहली बार रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से सोमवार को मुलाकात की। उन्होंने जंग के दौरान रूस के सहयोग पर धन्यवाद कहा। इस बीच, शांति वार्ता टूटने के लिए अराघची ने अमरीका की बड़ी मांगों को जिम्मेदार ठहराया है।

सीजफायर अपडेट

  • ईरानी सांसद इब्राहिम रेजाई ने पाकिस्तान की मध्यस्थता पर उठाए सवाल, कहा- मध्यस्थ को एक तरफ झुकना नहीं चाहिए।
  • जर्मनी के चांसलर फेडरिक मर्ज ने कहा कि युद्ध में ईरान ने अमरीका का अपमान किया है।
  • लेबनानी स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार रविवार को इजराइली हमलों में 14 लोगों की मृत्यु हुई।
  • हिजबुल्लाह चीफ ने बिना हमले रोके बातचीत से इनकार किया, लेबनानी राष्ट्रपति बोले- युद्धविराम वार्ता का पहला चरण है।

नाकेबंदी खत्म कर होर्मुज खोलने का प्रस्ताव दिया

ईरान ने पाकिस्तान के जरिए अमरीका को प्रस्ताव भेजा है। इसमें ईरान ने बातचीत की सीमाएं और शर्तें स्पष्ट की हैं। साथ ही साफ किया है कि ईरान दबाव में आकर अपने मूल मुद्दों से समझौता नहीं करेगा। अमरीकी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ईरान होर्मुज खोलने को तैयार है, लेकिन परमाणु मामले पर बाद में बात होगी। इसे तभी खोला जाएगा जब अमरीका अपनी नाकेबंदी हटाएगा। ईरान को अमरीका-इजराइल से गारंटी चाहिए कि हमले फिर नहीं होंगे। वहीं, ईरान की संसद में प्रस्ताव आया है कि होर्मुज का नियंत्रण सेना को सौंप दिया जाए।

Spread the word