देर रात ताबड़तोड़ फायरिंग, 19 वर्षीय युवक की मौत, भाई घायल—व्यवसायिक रंजिश का आरोप

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करहि गांव में गुरुवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई है। नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यवसायी के घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें 19 वर्षीय आयुष कश्यप की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका छोटा भाई आशुतोष कश्यप गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार, घटना रात करीब 12 बजे की है, जब तीन अज्ञात हमलावर घर के पीछे के रास्ते से सम्मेलाल कश्यप के घर में घुसे। घर में घुसते ही हमलावर सीधे उस कमरे में पहुंचे, जहां आयुष, उसका भाई और बहन सो रहे थे। बदमाशों ने आयुष पर दो राउंड फायरिंग की, जिसमें एक गोली उसके सीने और दूसरी कनपटी पर लगी। गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आशुतोष पर भी एक राउंड फायर किया गया, जो उसके दाहिने हाथ में लगा।

घटना के दौरान हमलावरों द्वारा पैसों की मांग किए जाने की भी बात सामने आई है। हालांकि, परिजनों का आरोप है कि यह घटना लूट के इरादे से नहीं, बल्कि व्यवसायिक रंजिश के चलते की गई है। मृतक आयुष हाल ही में रेत के कारोबार से जुड़ा था और घटना से कुछ समय पहले ही जांजगीर-चांपा से रेत गाड़ी छुड़वाकर घर लौटा था।

परिवार का राजनीतिक संबंध भी बताया जा रहा है। मृतक के पिता सम्मेलाल कश्यप लोहा व्यापारी होने के साथ ही ब्लॉक कांग्रेस के उपाध्यक्ष हैं और पूर्व में उपसरपंच रह चुके हैं। उनकी पत्नी भी पूर्व सरपंच रह चुकी हैं। इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।

घटना की सूचना मिलते ही विधायक ब्यास कश्यप जिला अस्पताल पहुंचे और परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए रेत माफिया पर प्रशासनिक कार्रवाई की मांग की है।

वहीं, पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल और एएसपी ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।

Spread the word