अपराधिक तत्वों को हतोत्साहित करने के लिए जनता को दिखानी होगी सतर्कता

कोरबा-कटघोरा 19 अपै्रल। शैक्षणिक संस्थानों में ग्रीष्म अवकाश की घोषणा और वैवाहिक सीजन के दौरान चोरी की घटनाओं की आशंका बनी रहती है। अपराध नियंत्रण को लेकर कटघोरा में एसडीओपी विजय सिंह राजपूत और थाना प्रभारी धर्म नारायण तिवारी ने कारोबारियों व जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर संवाद किया।

इसमें कहा गया कि घटनाओं को रोकने के लिए पुलिस की पेट्रोलिंग जारी है। अगर लोग भी अपने स्तर पर सतर्कता दिखाए तो स्थिति अनुकूल हो सकती है। पुलिस ने उन कारणों को जिक्र बैठक में किया जिनके कारण घटनाएं होती है और अपराधिक तत्वों का मनोबल बढ़ता है। पुलिस ने बारी-बारी से ऐसी चीजों को सामने रखा। विमर्श के दौरान लोगों ने इस पर सहमति जताई और स्वीकार किया कि एक तरफा कार्यवाही अपराधों के रोकथाम के लिए नाकाफी हो सकती है। लोगों की भागीदारी स्थिति को बेहतर बनाने के लिए जरूरी है। पुलिस अधिकारियों ने लोगों से कहा कि आवश्यक काम से लंबे समय तक के लिए बाहर जाते समय अपने किसी विश्वसनीय व्यक्ति या पड़ोसी को घर की निगरानी की जिम्मेदारी देकर जाएं। कीमती सामान घर में भारी मात्रा में सोने-चांदी के जेवरात या नकदी रखने के बजाय उन्हें बैंक लॉकर में सुरक्षित रखें। सतर्कता घर के सामने और आसपास पर्याप्त रोशनी (लाइटिंग) की व्यवस्था रखें ताकि अंधेरे का फायदा उठाकर कोई अप्रिय घटना न हो।

व्यापारिक प्रतिष्ठानों की सुरक्षा पर चर्चा करते हुए थाना प्रभारी ने दुकानदारों को अनिवार्य रूप से सीसीटीवी कैमरे लगाने और उन्हें चालू रखने के निर्देश दिए। साथ ही, दुकान और घर के सामने वाहनों को लावारिस स्थिति में न छोडने की सलाह दी गई। बैंक से बड़ी धनराशि का लेनदेन करते समय सीधे गंतव्य तक जाएं। रास्ते में कहीं न रुकें और न ही किसी अनजान व्यक्ति से मदद लें या बातचीत करें। अपराधी अक्सर झांसा देकर ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं। इस दौरान पुलिस ने सश्क्त ऐप की कार्यप्रणाली समझाते हुए इसे सभी के मोबाइल में डाउनलोड करने का सुझाव दिया ताकि सुरक्षा का कवच हर वक्त साथ रहे। बैठक के दौरान पुलिस अधिकारियों ने शहरवासियों को ‘सशक्त पुलिसिंग’ का भरोसा दिलाया।

Spread the word