छत्तीसगढ़ में भीषण गर्मी के चलते स्कूलों में छुट्टी का ऐलान, 20 अप्रैल से 15 जून तक बंद रहेंगे स्कूल

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अप्रैल महीने की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने अपना प्रचंड रूप दिखाना शुरू कर दिया है। प्रदेश के कई जिलों में तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। बढ़ती गर्मी को देखते हुए राज्य सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए स्कूलों में ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित कर दिया है।
सरकार द्वारा जारी आदेश के अनुसार, 20 अप्रैल 2026 से 15 जून 2026 तक प्रदेश के सभी स्कूलों में कक्षाएं पूरी तरह बंद रहेंगी। यह निर्णय छात्रों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।
40 डिग्री के पार पहुंचा तापमान
पिछले कुछ दिनों से रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग सहित कई जिलों में पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है। तेज धूप और लू जैसे हालातों ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।
बच्चों की तबीयत बिगड़ने की शिकायतें
सूत्रों के मुताबिक, स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों की तबीयत बिगड़ने की लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। इसी को देखते हुए शासन ने तत्काल प्रभाव से छुट्टी घोषित करने का निर्णय लिया।
अभिभावकों को मिली राहत
सरकार के इस फैसले से अभिभावकों और छात्रों को बड़ी राहत मिली है। विशेषज्ञों का भी मानना है कि अत्यधिक गर्मी में बच्चों को घर पर ही सुरक्षित रखना बेहतर होता है।
