केस की जानकारी मांगने पर ASI ने पीड़ित को मारे थप्पड़, आरोपी सस्पेंड

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। अपने केस की जानकारी लेने थाने पहुंचे एक युवक के साथ ASI ने मारपीट कर दी। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि एएसआई दिनेश तिवारी ने उसे 15-20 थप्पड़ मारे, जिससे उसका कान सुन्न हो गया।
घटना रतनपुर थाना क्षेत्र की है। पीड़ित विनोद जायसवाल के अनुसार, जब उसने अपने केस की स्थिति पूछी तो एएसआई भड़क गया और गाली-गलौज करते हुए मारपीट करने लगा। साथ ही उसे जेल भेजने की धमकी भी दी।
मामले की शिकायत मिलने पर एसएसपी रजनेश सिंह ने एएसआई को तत्काल सस्पेंड कर दिया है। साथ ही आरोपी के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
