15 अप्रैल तक ग्राम पंचायतों में राजस्व शिविर

कोरबा 01 अपै्रल। आम जनता की राजस्व संबंधी समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए तहसील कार्यालय पत्थलगांव द्वारा 1 अप्रैल से 15 अप्रैल तक राजस्व पखवाड़ा आयोजित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत अलग-अलग ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जाएंगे।

जहां भूमि, नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा सहित अन्य राजस्व प्रकरणों का मौके पर ही समाधान किया जाएगा। तहसीलदार पत्थलगांव ने आदेश जारी करते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी निर्धारित कर दी है। उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं कि वे निर्धारित तिथियों पर संबंधित ग्राम पंचायतों में अनिवार्य रूप से उपस्थित होकर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करें।

तहसीलदार ने यह भी कहा कि शिविरों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को लाभ पहुंचाया जाए, ताकि ग्रामीणों को तहसील कार्यालय के चक्कर न लगाने पड़ें। प्रशासन का उद्देश्य है कि समस्याओं का समाधान सीधे उनके गांव में हो और लोगों को सरकारी सुविधाओं का लाभ सहज रूप से मिले। इस पखवाड़े के दौरान अधिकारियों की प्रतिदिन की मॉनिटरिंग और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए विशेष टीम भी बनाई गई है। इससे ग्रामीणों में सरकारी सेवाओं के प्रति विश्वास बढ़ाने और राजस्व व्यवस्था में पारदर्शिता बनी रहेगी।

Spread the word