फोरलेन सड़क निर्माण कार्य अधूराः नाराज लोगों ने ब्लाक कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में किया चक्काजाम आंदोलन शुरू, वाहनों की लगी लंबी कतार

कोरबा 24 मार्च। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र स्थित इमलीछापर चौक पर लंबे अरसे से ओव्हर ब्रिज और फोरलेन सडक निर्माण का काम अधूरा पड़ा है। जिससे कोयलांचलवासियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लगातार लगने वाले जाम तथा बदहाल सडक की स्थिति से नाराज लोगों ने ब्लाक कांग्रेस कमेटी के तत्वाधान में आज चक्काजाम कर दिया। जिससे सडक के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। इमली छापर चौक पर आयोजित इस चक्काजाम आंदोलन में क्षेत्रीय पार्षद, कांग्रेस कार्यकर्ताओं व व्यापारी एवं आमजन बड़ी संख्या में शामिल हुए। आंदोलनकारियों का कहना है कि जब तक उनकी मांगे पूरी नहीं होगी, आंदोलन जारी रहेगा।

ज्ञात रहे एसईसीएल के सीएसआर फंड के सहयोग से प्रशासन द्वारा सर्वमंगला चौक से इमलीछापर चौक होते हुए कुचौना मोड़ पर फोरलेन सडक का निर्माण कार्य कराया जा रहा है किन्तु इमली छापर चौक के पास यह कार्य लंबे समय से अटका हुआ है। वहीं रेलवे फाटक से होने वाली परेशानी से राहत दिलाने के लिए प्रस्तावित ओव्हर ब्रिज का निर्माण भी अधूरा पड़ा है। निर्माण का ठप्प होने के कारण इमलीछापर चौक से कुचौना मोड़ तक पुरानी सडक काफी जर्जर हो चुकी है और दिन भी जाम की स्थिति बनी रहती है। ओव्हर ब्रिज अधूरा होने से लोगों को रेलवे फाटक पर लंबे समय तक इंतजार करना पड़ता है या फिर वैकल्पिक मार्ग से लंबा चक्कर लगाना पड़ता है। इसे कुसमुंडा क्षेत्र के साथ गेवरा, दीपका, बांकीमोंगरा, हरदीबाजार और शहर की ओर आने वाले राहगीर भी प्रभावित होते है। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी कई बार मांग किये जाने के बावजूद निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, जिससे लोगों में आक्रोश है। आक्रोशित लोगों ने आज चौक पर सडक पर बैठकर अपना चक्काजाम आंदोलन शुरू कर दिया। उनका कहना है कि हर बार प्रशासन आश्वासन देकर भूल जाता है। इसलिए इस बार काम शुरू होने तक आंदोलन जारी रखेंगे।

Spread the word