लगातार चोरी की घटनाओं को लेकर कबाड़ अड्डों पर पुलिस ने दी दबिश

कोरबा 30 जनवरी। लगातार बढ़ रही कबाड़ चोरी की घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए कटघोरा में पुलिस एक्शन में है। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत के मार्गदर्शन में कटघोरा के प्रभारी निरीक्षक राम पांडेय के नेतृत्व में पुलिस टीम ने नगर एवं आसपास के क्षेत्रों में संचालित कबाड़ व्यवसायियों के यहां सघन दबिश दी।
पुलिस टीम ने कबाड़ दुकानों की जांच के दौरान व्यवसायियों को सख्त चेतावनी दी कि यदि उनके यहां चोरी का कबाड़ पाया जाता है या किसी भी चोरी की घटना में उनकी संलिप्तता सामने आती है, तो इसके लिए उन्हें ही जिम्मेदार ठहराया जाएगा। साथ ही संबंधित धाराओं के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट रूप से कहा कि बिना वैध दस्तावेजों के कबाड़ की खरीद-फरोख्त करना अपराध की श्रेणी में आता है। ऐसे में कबाड़ व्यवसायियों को अपने-अपने प्रतिष्ठानों का संचालन पूरी तरह नियमों के अनुरूप करना होगा। इसके साथ ही कई स्थानों पर अवैध रूप से संचालित कबाड़ व्यवसाय को बंद करने की समझाइश भी दी गई। पुलिस के रुख से क्षेत्र में सक्रिय कबाड़ चोरों और अवैध कबाड़ कारोबारियों में हडकंप है। आम नागरिकों से पुलिस ने कहा कि यदि कहीं चोरी का कबाड़ खपाए जाने की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। ऐसी सभी सूचनाओं के मामले में लोगों के नाम गुप्त रखे जाएंगे।
कोरबा जिले में संगठित कबाड़ ग्रुप की करस्तानी इस कदर बढ़ गई है कि शहरी क्षेत्र में पुलिस का टेंशन लगातार बढ़ रहा है। एक सप्ताह के भीतर कोरबा के सिविल लाइन पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत कबाड़ चोरों ने खतरनाक प्लानिंग के तहत सीएसईबी के रसियन हॉस्टल के नजदीक जल संसाधन विभाग की नहर पर बनाए गए लोहे के पुल का 10 टन से ज्यादा सामान पार कर दिया। इस मामले में अब तक पुलिस ने 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है जबकि पांच आरोपी अभी भी फरार हैं। इस मामले की जांच पड़ताल पुलिस कर ही रही थी कि दूसरे क्षेत्र में एक नया मामला सामने आए जिसमें रेलवे ट्रैक के बड़े हिस्से को चोरों ने पार कर दिया। यह घटनाएं कबाड़ चोरों के मजबूत मनोबल को स्पष्ट करती है वही इस बात को भी साफ करती है कि विभिन्न क्षेत्रों में पुलिस और विभागीय कंपनियों के सुरक्षा तंत्र की पेट्रोलिंग किस कदर से लचर है। माना जा रहा है कि अगर इसी तरीके से कामकाज चलता रहा तो आने वाले दिनों में चोर गिरोह आम लोगों के साथ साथ सरकारी संपत्ति को दिन दहाड़े पार करने में संकोच नहीं करेगा।
