रैम्प योजना के अंतर्गत तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित

कोरबा 21 जनवरी। कोरबा जिले के बालकों क्षेत्र में हस्तकला शिल्पियों के कौशल विकास एवं आजीविका संवर्धन के उद्देश्य से रैम्प योजना के अंतर्गत तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम डिपार्टमेंट ऑफ इंडस्ट्रीज एंड कॉमर्स, छत्तीसगढ़ एवं भारतीय उद्यमिता विकास संस्थान अहमदाबाद के सहयोग से संपन्न हुआ।

इस प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य स्थानीय हस्तकला शिल्पियों के पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीकों, डिजाइन नवाचार, गुणवत्ता सुधार तथा बाजार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना रहा। कार्यक्रम के दौरान शिल्पियों को उत्पादन सुधार, लागत प्रबंधन, पैकेजिंग, ब्रांडिंग, विपणन एवं सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।

विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को उद्यमिता विकास, स्वरोजगार के अवसरों तथा डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से उत्पादों के विपणन पर भी मार्गदर्शन प्रदान किया गया। शिल्पियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अपने व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायक बताया।
कार्यक्रम में जिला उद्योग कार्यालय कोरबा के उद्यमिता विशेषज्ञ भानु दास ने उद्योग विभाग द्वारा उपलब्ध विभिन्न योजनाओं की जानकारी साझा की, एवं सफल उद्यमी बनने के व्यावहारिक पहलुओं, प्रेरणा, आत्मविश्वास और कौशल विकास पर महत्वपूर्ण सत्र लिया। साथ ही ईडीआईआई के परियोजना अधिकारी देवेंद्र साबले ने प्रतिभागियों को उद्यमिता के मूल तत्वों, सरकारी सहयोग तथा व्यवसाय शुरू करने की चरणबद्ध प्रक्रिया के बारे में मार्गदर्शन दिया।

कार्यक्रम में बालकों की सीएसआर हेड प्रिंसी जोन्स द्वारा हस्तकला शिल्पियों को अपने हुनर में बारीकी लाने एवं भविष्य में अपने कार्य से क्षेत्र में हस्तकला में आगे बढ़ने में सहयोग के लिए प्रतिबद्धता बताई है।

Spread the word