बोलेरो ने बाइक को मारी ठोकर, बाइक सवार घायल

कोरबा 18 जनवरी। बाँकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत बाँकी-ढेलवाडीह मुख्य मार्ग पर शुक्रवार को एक गंभीर सड़क हादसा हो गया। मोंगरा चौक से महज 100 मीटर की दूरी पर विपरीत दिशा से आ रही बोलेरो वाहन ने एक बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बोलेरो वाहन क्रमांक सीजी-12 बीसी 7697 को चालक एवं मालिक गणेश राम पटेल पिता बालक राम पटेल, उम्र 55 वर्ष, निवासी ढेलवाडीह चला रहा था। तेज रफ्तार और लापरवाही के चलते बोलेरो ने सामने से आ रही स्प्लेंडर बाइक क्रमांक सीजी13एक्स1289 को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर बुरी तरह घायल हो गया।
घटना की जानकारी मिलते ही राहगीरों ने तत्काल बाँकी मोंगरा थाना और डायल 112 को सूचना दी। सूचना पर पुलिस विभाग एवं 112 की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुँची। थाना क्षेत्र से मात्र 500 मीटर के दायरे में हुए इस हादसे ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी।
घायल बाइक सवार की पहचान जयपाल दास झाबु, निवासी नवागांव दर्री के रूप में हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए 112 वाहन से तत्काल कटघोरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहाँ उसका इलाज जारी है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
