तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने छीनी 24 वर्षीय युवक की जान, टक्कर के बाद वाहन पलटा; चालक फरार

कोरबा 27 नवंबर। पाली थाना क्षेत्र के चौतमा चौकी अंतर्गत सफलवा मार्ग पर बुधवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय सुमित धनवार की मौत हो गई। मजदूरी कर घर लौट रहे युवक को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क किनारे जा गिरा। टक्कर के बाद ट्रैक्टर भी अनियंत्रित होकर ट्रॉली सहित पलट गया और सुमित की मौके पर ही मौत हो गई।
ग्रामीणों की सूचना पर चौतमा चौकी प्रभारी अफसर खान टीम के साथ मौके पर पहुंचे, लेकिन इससे पहले ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो चुका था। पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर ली है।
स्थानीय लोगों के अनुसार दुर्घटना में शामिल वाहन पाली निवासी सुमित सिंह का बताया जा रहा है, जो पहाड़ी क्षेत्र में ठेकेदारी का काम करता है। ग्रामीणों का यह भी दावा है कि हादसे के दौरान ट्रैक्टर चालक नशे में था, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और यह दुर्घटना हुई।
