कोरबा 21 सितंबर। ठाड़पखना में अवैध शराब बनाने और इसका उपयोग किए जाने के कारण पनप रही सामाजिक बुराई के अलावा दूसरी सभी विकृतियों को दूर करने का काम पुलिस करेगी। सजग कोरबा अभियान के अंतर्गत पुलिस ने लोगों से चौपाल में संवाद किया और उन्हें भरोसा दिया कि एक अच्छा वातावरण गांव में निर्मित हो, इसकी कोशिश करेंगे।

थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी के नेतृत्व में नशामुक्ति कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, बच्चे और ग्रामीण उपस्थित रहे। श्री तिवारी ने नशे के दुष्परिणाम बताते हुए कहा कि नशा अपराध की जड़ है, जिससे घरेलू विवाद, हिंसा और सामाजिक बुराइयां जन्म लेती हैं। इसका सबसे अधिक खामियाजा महिलाएं और बच्चे भुगतते हैं। ग्राम की महिलाओं ने शराबबंदी की मांग करते हुए बताया कि अवैध शराब कारोबार से गाँव का माहौल बिगड़ रहा है और युवाओं का भविष्य खतरे में है। ग्रामीणों ने थाना प्रभारी का स्वागत कर ठोस कार्रवाई की अपील की, जिस पर उन्होंने आश्वासन दिया कि पुलिस शराबबंदी सुनिश्चित करने के लिए कड़ी कार्यवाही करेगी।

कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराधों से बचाव पर भी जानकारी दी गई। थाना प्रभारी ने कहा कि कानून की जानकारी के अभाव में लोग ऑनलाइन ठगी का शिकार हो जाते हैं और युवा पीढ़ी सोशल मीडिया में उलझकर पढ़ाई से भटक रही है। उन्होंने नागरिकों से सजग रहकर पुलिस का सहयोग करने का आह्वान किया। इस मौके पर महिलाओं ने नशामुक्ति रैली भी निकाली, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। उन्होंने संकल्प लिया कि जब तक शराब पर रोक नहीं लगेगी, गाँव का विकास अधूरा रहेगा।

Spread the word