ट्रंप के करीबी ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर को 27 साल लम्बी कारावास की सजा सुनाई गई

ब्रासीलिया. अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप के करीबी माने जाने वाले ब्राजील के पूर्व राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो (70) को सुप्रीम कोर्ट ने देश में तख्तापलट करने की कोशिश का दोषी पाया है। उन्हें 27 साल तीन महीने की सजा सुनाई गई। इसके साथ ही वह 2060 तक चुनाव भी नहीं लड़ पाएंगे।

बोल्सोनारो पर आरोप था कि उन्होंने 2022 के राष्ट्रपति चुनाव में हार स्वीकारने के बजाय सत्ता में बने रहने के लिए तख्तापलट की योजना बनाई। सेना पर दबाव डालने की कोशिश की ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया को बाधित किया जा सके। आरोप यह भी है कि उन्होंने नव-निर्वाचित राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा, उपराष्ट्रपति और सुप्रीम कोर्ट के जज अलेक्ज्ञांद्रे द मोराइस की हत्या की योजना बनाई थी। बोल्सोनारो के समर्थक 2026 के चुनावों में उनकी वापसी की उम्मीद लगाए बैठे थे।

एक जज फैसले से सहमत नहीं दिखे

सुप्रीम कोर्ट की पांच सदस्यीय पीठ में से चार जजों ने बोल्सोनारो को दोषी ठहराया। सिर्फ जस्टिस लुइज फक्स ने असहमति जताई। उन्होंने तर्क दिया कि यह घटनाएं तख्तापलट नहीं कही जा सकतीं क्योंकि लूला वास्तव में सत्ता से बेदखल नहीं हुए थे। उनका यह भी मानना था कि सुप्रीम कोर्ट को यह मामला सुनने का अधिकार ही नहीं था।

ट्रंप बोले- फैसला चौंकाने वाला…

अमरीकी राष्ट्रपति ट्रंप ने बोल्सोनारो पर आए फैसले को चौंकाने वाला बताया। कहा कि बोल्सोनारो अच्छे राष्ट्रपति थे। अमरीकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा कि इस फैसले का जवाब देंगे। ब्राजील के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ये धमकियां लोकतंत्र को डरा नहीं पाएंगी। ट्रंप ने कहा था कि अगर यह मुकदमा जारी रहा तो और वह टैरिफ के अलावा भी और कड़े कदम उठाएंगे।

Spread the word