जहां बैठा था वहीं, मौत बनकर टूटा बिजली का तार

जर्जर तार बदलने/सुधारने में कोताही बरत रहा विद्युत विभाग, लापरवाही की भेंट चढ़ा युवक
कोरबा-उरगा। विद्युत वितरण विभाग की लापरवाही से कोरबा जिला के उरगा थाना अंतर्गत कराईनारा गांव में 19 साल के युवक की करेंट से मौत हो गई।
बुधवार को गणेश विसर्जन के लिए जा रहा कमलेश महंत करंट प्रवाहित बिजली के तार की चपेट में आने से दर्दनाक मौत का शिकार बन गया। बताया जा रहा कि कमलेश गांव में विराजे गए भगवान श्री गणेश के विसर्जन के लिए अन्य लोगों के साथ जा रहा था। इस दौरान वह अन्य लोगों के साथ नाच-गा रहा था। नाचने गाने के दौरान थक कर खंभे के किनारे मौजूद चबूतरानुमा जगह पर बैठ गया। जहां पर कमलेश बैठा था, उसके ऊपर से विद्युत तार गुजारी गई है। बैठे रहने के दौरान काफी जर्जर हो चुका करंट प्रवाहित बिजली का तार टूट कर उसके ऊपर गिर गया। कमलेश उसी की चपेट में आ गया और उसे बिजली का जबरदस्त झटका लगा।
