सिटी बस सेवा ठप्प होने से छात्र-छात्राओं को हो रही परेशानी

कोरबा 11 अगस्त। जिला मुख्यालय सहित आसपास के क्षेत्रों में संचालित होने वाली सिटी बस सेवा पूर्ण रूपेण ठप्प होने से आम जनता और विशेषकर छात्र-छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एसएसयूआई) के जिलाध्यक्ष दीपक कुमार वर्मा ने इस संबंध में कोरबा जिलाधीश को एक ज्ञापन सौंपा है, जिसमें उन्होंने तत्काल इस मामले में हस्तक्षेप कर बस सेवा को फिर से शुरू करने मांग की है।
जानकारी के अनुसार ज्ञापन में बताया गया है कि पूर्व में उपनगरीय क्षेत्र कुसुममुंडा, बांकीमोंगरा, गेवरा, दीपका, एनटीपीसी, दर्री, कटघोरा, छुरी, ढेलवाडीह, बालको, रजगामार, तक सिटी बसों का संचालन सुचारू रूप से होता था, जिससे आमजनों के साथ-साथ महाविद्यालय और विद्यालय जाने वाले हजारों छात्र-छात्राओं को भी काफी लाभ मिलता था।
आरोप लगाते हुए आगे कहा गया कि हालांकि, वर्तमान में जिस फर्म द्वारा इन बसों का संचालन किया जा रहा था, उसने मनमाने तरीके से 30-40 बसों के बजाय केवल 5-6 बसों का ही संचालन शुरू कर दिया। इसके बाद, अब सभी बसों की हालत इतनी खस्ता हो गई है कि वे मरम्मत के लायक भी नहीं बची हैं। इसी कारणवश, बसों का संचालन पूरी तरह से बंद कर दिया गया है।
दीपक कुमार वर्मा ने अपने ज्ञापन में कहा है कि बसों का संचालन बंद होने से छात्र-छात्राओं को विद्यालय-महाविद्यालय जाने में भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही, शहर के निजी संस्थाओं में कार्यरत आमजनों और सामान्य जनता को भी लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कोरबा जिलाधीश से अनुरोध किया है कि वे इस मामले को संज्ञान में लेकर जल्द से जल्द सिटी बस सेवा को दोबारा शुरू करवाएं, ताकि छात्र-छात्राओं, कर्मचारियों और आम नागरिकों को राहत मिल सके। एनएसयूआई ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस दिशा में कोई कदम नहीं उठाया गया तो वे आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।
