ग्राम जवाली में जलाभिषेक कर मनाया स्थापना दिवस

भोजली पर्व की तैयारियों ने बढ़ाई रौनक
कोरबा 31 जुलाई। सावन मास के तृतीय सोमवार को विकासखंड कटघोरा अंतर्गत ग्राम जवाली का वातावरण भक्ति और श्रद्धा से सराबोर हो गया। सुबह की पावन बेला में ग्राम की मातृ शक्तियों ने भगवान भोलेनाथ के मंदिर में बेलपत्र, धतूरा, पुष्प और जलाभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की। इस अवसर पर महिलाओं ने श्रीफल अर्पित कर परिवार, ग्राम और समाज की सुख-समृद्धि की मंगल कामना करी।

सन् 1990 में ग्राम के किसान अंजोरसाय पटेल ने अपने पूर्वजों की भूमि, मुरई कछार खोलार नदी किनारे एक शिवलिंग स्थापित कर दैनिक जलाभिषेक का संकल्प लिया। समय के साथ यह स्थान आस्था का केंद्र बन गया। जब जवाली-सिंघाली पुल मार्ग का निर्माण हुआ तब छुरी के एक सेठ ने मंदिर निर्माण हेतु 21,000 रुपये का सहयोग दिया। तत्पश्चात 108 श्रद्धालु परिवारों के सामूहिक सहयोग से वर्ष 2014-15 में मंदिर का भव्य निर्माण पूर्ण हुआ। इस वर्ष मंदिर स्थापना के 11 वर्ष पूरे होने पर सोमवार को दिनभर मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। मातृ शक्तियों और ग्रामीण भक्तों ने विशेष पूजा कर प्रसाद वितरण का आयोजन किया। नागपंचमी से भोजली पर्व की तैयारियां भी प्रारंभ हो गई हैं। महिला मंडली के अनुसार नागपंचमी के दिन समीर कुंभकार के घर पर भोजली बोई गयी। रात्रि में भजन-कीर्तन का आयोजन होगा और रक्षाबंधन के अगले दिन रविवार को शोभायात्रा के साथ भोजली विसर्जन किया जाएगा।
इस पारंपरिक पर्व को सफल बनाने में ग्रामवासी बढ़-चढकर सहयोग कर रहे हैं। भोजली पर्व छत्तीसगढ़ की एक प्राचीन सांस्कृतिक परंपरा है, जो सखियों के बीच ‘भोजली मित्रता’ संबंध की शुरुआत का प्रतीक है।इस अवसर पर पूर्व सरपंच संगीता कंवर, गिरजेश्वरी बलराम केंवट, कन्हैयालाल बैगा, रमेश, दिल कुमार, विश्राम सिंह, श्रीमती नामदेव, डॉली सारथी, उमा, सुमित्रा, दिल बाई, सुमित, रुचि द्विवेदी, सीमा रजक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
