शासकीय महाविद्यालय बरपाली में नवप्रवेशी छात्रों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम सम्पन्न

कोरबा। शासकीय महाविद्यालय बरपाली में प्रथम सेमेस्टर के नवप्रवेशी छात्रों के लिए इंडक्शन प्रोग्राम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सीपी नन्द ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए अनुशासन, संस्कार, विनम्रता व सर्वांगीण विकास के महत्व पर बल दिया। उन्होंने छात्रों से शिक्षा के प्रति निष्ठावान रहने का आह्वान किया।

राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) 2020 के प्रभारी डॉ. एके सिंह ने छात्रों को नई शिक्षा नीति की विशेषताओं व उद्देश्यों की जानकारी दी। साथ ही प्रथम सेमेस्टर के अंतर्गत संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की रूपरेखा से भी छात्रों को अवगत कराया। कार्यक्रम को डॉ. टीएल मिज़ार् व एसके टांब्रे ने भी संबोधित किया, जिन्होंने विद्यार्थियों को महाविद्यालयीन वातावरण में सामंजस्य स्थापित करने व अकादमिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त प्राध्यापकगण उपस्थित रहे। संचालन का दायित्व श्री डीडी महंत ने निभाया व आभार प्रदर्शन अरविन्द खाखा द्वारा किया गया। इंडक्शन प्रोग्राम नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए मार्गदर्शन व प्रेरणा का स्रोत सिद्ध होगा।

Spread the word