शराब दुकान के खिलाफ महिलाओं ने किया प्रदर्शन

मुख्य मार्ग की दुकान से महिलाएं और छात्र के परेशान

कोरबा 10 जुलाई। नगर के रामपुर क्षेत्र में स्थानीय महिलाओं और नागरिकों ने मदिरा दुकान के विरोध में प्रदर्शन किया। वार्ड पार्षद चंद्रलोक सिंह के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में महिलाओं ने मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे में की जाने वाली हरकतों पर विरोध जताया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि मुख्य मार्ग पर स्थित मदिरा दुकान से आवाजाही में परेशानी हो रही है। नशे में लोग महिलाओं पर अभद्र टिप्पणियां करते हैं। स्कूली छात्र-छात्राओं को भी इस मार्ग से गुजरने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
पार्षद चंद्रलोक सिंह ने बताया कि मदिरा दुकान के बाहर चलने वाली चखना दुकान तुरंत हटाई जाये। स्थानीय लोगों का आरोप है कि चखना दुकान में मदिरा दुकान के निर्धारित समय से पहले और बाद में भी मदिरा बेची जाती है।

मौके पर पहुंचे आबकारी विभाग के एडीईओ राकेश कुमार सिंह राठौर ने आश्वासन दिया कि कुछ महीनों में मदिरा दुकान को दूसरी जगह स्थानांतरित कर दिया जाएगा। इसके लिए प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पार्षद ने चेतावनी दी है कि सितंबर तक दुकान नहीं हटी तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

Spread the word